जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से प्रदेश के समस्त जनपदों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया किया गया। इसी क्रम में आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संभावित चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों की तैयारियों को सुदृढ़ बनाने के लिए शाम को शारदा विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में आयोजित इस अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी, रेड अलर्ट एवं ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियों का सजीव परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वन विभाग, आपदा मित्र एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक सहित विभिन्न संबंधित विभागों की टीमों ने प्रतिभाग करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया, जिसका अपर जिलाधिकारी न्यायिक द्वारा जायजा भी लिया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन चेतावनी प्रणाली के संचालन, नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, ब्लैकआउट लागू करने तथा आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप अपनी भूमिका निभाते हुए संकट की स्थिति में सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं विभागीय समन्वय का परिचय दिया। इस दौरान विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों के अनुरूप तैयार की गई व्यवस्थाओं के माध्यम से यह परखा गया कि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में सभी विभाग किस प्रकार एकजुट होकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर सकते हैं।

पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही भीड़ और यातायात नियंत्रण की व्यवस्थाओं का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति में अग्निशमन एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस संचालन, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा उन्हें सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों ने खोज एवं बचाव अभियान के तहत क्षतिग्रस्त संरचनाओं में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

इसी क्रम में विद्युत विभाग द्वारा ब्लैकआउट एवं विद्युत आपूर्ति बहाल करने से संबंधित कार्यवाही, लोक निर्माण विभाग द्वारा सुरक्षित आवागमन के लिए मार्गों को सुचारु करने एवं मलबा हटाने तथा परिवहन विभाग द्वारा आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता तथा सामूहिक रूप से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने की दक्षता का आकलन किया गया।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक अभ्यास आपदा प्रबंधन की तैयारियों को प्रभावी बनाने, विभागीय समन्वय को मजबूत करने तथा वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने निर्धारित दायित्वों के प्रति सदैव सजग रहें तथा आवश्यक संसाधनों, उपकरणों एवं व्यवस्थाओं को क्रियाशील स्थिति में बनाए रखें, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर एडीसीपी अर्चना सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड किशन सिंह, सीआरए से कुलदीप खन्ना सहित पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, विद्युत, शारदा विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





