जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। रक्षा क्षेत्र में अब सरकारी के अलावा निजी क्षेत्र की कंपनियां भी देश को मजबूती देने को तैयार हैं। अडाणी डिफेंस ने पोकरण में बघीरा मिसाइलों का सफल परीक्षण किया। ये मिसाइलें पलक झपकते ही दुश्मन के टैंक को खाक करने में सक्षम हैं। साथ ही इनसे लंबी दूरी के हवाई लक्ष्यों पर भी वार किया जा सकता है।
रक्षा क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने रक्षा क्षेत्र के इतिहास में नए अध्याय की शुरुआत की है। कंपनी ने राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में वाहन पर तैनात एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल यानी एटीजीएम प्रणाली बघीरा एटी1 का सफल परीक्षण किया। बता दें कि बघीरा एटी1 को 18 महीने के डिजाइन और विकास के बाद तैयार किया गया है। इस दौरान अदाणी डिफेंस ने भारतीय भूभाग, जलवायु और परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुरूप मिसाइल प्रणाली को विकसित किया। इस संपूर्ण युद्ध प्रणाली में मिसाइल, आॅटोमेटिक लांचर शामिल हैं। इसके अलावा दिन और रात में लक्ष्य देखने के लिए साइट्स एवं अदाणी डिफेंस द्वारा डिजाइन किए गए 4.4 हाई-मोबिलिटी बख्तरबंद वाहन को शामिल किया गया है। अदाणी ग्रुप की कंपनी के अनुसार, यह प्रणाली 8 किलोमीटर तक की दूरी पर मौजूद बख्तरबंद वाहनों को निशाना बना सकती है। बड़ी बात यह है कि यह जमीन से दागी जाने वाली एंटी-टैंक मिसाइल की लगभग 4 किलोमीटर की मारक क्षमता से दोगुनी है।
लेजर बीम के सहारे करती है वार

इसकी खासियतों की बात करें तो यह मिसाइल रेडियो लिंक के बजाय लेजर बीम के सहारे अपने लक्ष्य तक पहुंचती है। इससे युद्धक्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के खिलाफ इसकी प्रतिरोधक क्षमता काफी बढ़ जाती है। आधुनिक युद्ध में ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध की बढ़ती भूमिका को देखते हुए यह इसकी एक महत्वपूर्ण विशेषता है। एक ही लक्ष्य पर एक ही लेजर बीम के जरिए तेजी से दो मिसाइलें दागी जा सकती हैं। पहली मिसाइल टैंक के एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम यानी एपीएस को निशाना बनाती है। वहीं दूसरी मिसाइल उसकी सुरक्षा व्यवस्था को भेदने के लिए डिजाइन की गई है। यह प्रणाली अधिक दूरी पर हवाई लक्ष्यों को भी निशाना बना सकती है। इससे चालक दल को सुरक्षित ठिकाने से ही मिसाइल दागने और दुश्मन की गोलीबारी के खतरे को कम करने के लिए तेजी से स्थान बदलने की सुविधा मिलती है। अदाणी डिफेंस के अनुसार नो कॉस्ट नो कमिटमेंट यानी एनसीएनसी प्रदर्शन को भारतीय सेना, सैन्य मामलों के विभाग और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने इस परीक्षण को देखा।
मिसाइल का परीक्षण महत्वपूर्ण

इस मिसाइल का परीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि हाल के संघर्षों में बख्तरबंद वाहनों के बीच होने वाली लड़ाई में मिसाइलों की मारक क्षमता और गतिशीलता के महत्व को देखा गया। बता दें कि बघीरा एटी1 को सैनिक अपने कंधे से भी दाग सकता है। साथ ही हेलीकॉप्टर से भी इसे लांच किया जा सकता है। ऐसे में यह मिसाइल लंबी दूरी तक मार करने वाली एक अतिरिक्त मोबाइल जमीनी युद्ध क्षमता उपलब्ध कराती है। भारत में आधुनिक एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइलों की जरूरत अभी भी काफी अधिक है। आधुनिक मिसाइलों की बात करें तो तो भारतीय सेना के भंडार में दूसरी पीढ़ी की मिलान-2टी और कोंकर्स-एम मिसाइलें मुख्य हैं। साथ ही तत्काल परिचालन जरूरतों को पूरा करने के लिए स्पाइक मिसाइलों को भी शामिल किया गया। भारत जैवलिन प्रणालियों की खरीद की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। ऐसे में बघीरा एटी1 भारतीय सेना की आधुनिक मिसाइलों की मांग को पूरा कर सकती है। बता दें कि भारत का रक्षा उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी एक साल पहले के 22 प्रतिशत से बढ़कर 24 प्रतिशत यानी लगभग 42,000 करोड़ रुपए हो गई, जबकि रक्षा निर्यात भी रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। बघीरा एटी1 भारत के निजी क्षेत्र की उस बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। जिसके तहत देश की सशस्त्र सेनाओं की परिचालन जरूरतों के अनुरूप आधुनिक रक्षा प्रणालियों का विकास, एकीकरण और निर्माण किया जा रहा है।





