हिमालयी देशों पर नया खतरा, बारिश, बर्फबारी, बाढ़, भूस्खलन मचाएंगे तबाही

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। हिमालय के आसपास स्थित देशों पर नया खतरा मंडरा रहा है। अलनीनो के कारण हिंदू कुश- हिमालय क्षेत्र में इस साल सर्दी सामान्य से अधिक पड़ेगी। वहीं बारिश, बर्फबारी, बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन से नई तबाही आ सकती है।

नेपाल के हिमाचली क्षेत्र में आई तबाही को लोग अभी भूल भी नहीं पाए थे कि एक नई आफत ने दस्तक दी है। वैज्ञानिकों ने इस क्षेत्र को लेकर बड़ी भविष्ववाणी की है। उनके अनुसार नेपाल और भारत और आसपास के इलाके में तबाही की आहट सुनाई दे रही है। इस बार भयंकर सर्दी सितम ढाएगी। वहीं अलनीनो का प्रभाव तबाही मचाएगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार नेपाल, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और भारत में एक बार फिर बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक मजबूत अल नीनो के प्रभाव से हिंदू कुश हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बारिश या बर्फबारी हो सकती है। मौसम में इन बदलावों का असर नदियों के जलस्तर, सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और अगले साल पानी की उपलब्धता पर भी पड़ सकता है। इस रिपोर्ट को हिंदू कुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026 नाम दिया गया है। इसको इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी आॅफ साइंसेज के इंस्टीट्यूट आॅफ एटमॉस्फेरिक फिजिक्स ने मिलकर तैयार किया है। इस रिपोर्ट में नेपाल के अलावा भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों में ज्यादा बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 
कुछ हिस्सों में सूखा पड़ने की भी संभावना

रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि भारी बारिश या बर्फबारी के अलावा इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सूखा पड़ने की भी संभावना है। इससे जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। वैज्ञानिकों के अनुसार रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि सर्दियों में अधिक बारिश होने का मतलब यह नहीं है कि आग लगने का खतरा खत्म हो गया है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि दक्षिण-पूर्वी शिजांग यानी जिÞजैंग और म्यांमार के कुछ हिस्सों में जंगलों और घास के मैदानों में आग लगने की संभावना काफी अधिक है। खास बात यह है कि यह अनुमान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी संस्था नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन ने मजबूत से बहुत मजबूत अल नीनो के सक्रिय होने की संभावना जताई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरूआत के बाद से यह अब तक का सबसे शक्तिशाली अल नीनो हो सकता है।  वैज्ञानिकों का कहना है कि इस मौसमी घटना के चलते हिमालय की तलहटी में ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में ज्यादा बर्फबारी हो सकती है। इस रिपोर्ट में यह भी संभावना जताई गई है कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तरी भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बर्फ जमा हो सकती है। इससे कुछ ग्लेशियर फट सकते हैं। 
मौसम का ट्रिपल अटैक 

वैज्ञानिक इस घटना को मौसम का ट्रिपल अटैक बता रहे हैं। इसका मतलब है कि बाढ़, सूखा और आगजनी के साथ नदियों के बहाव तेज हो सकता है। ऐसे में आने वाले साल में पानी की उपलब्धता तय करने में बर्फ की गहराई एक अहम भूमिका निभागएगी। रिपोर्ट के अनुसार, बर्फ की मात्रा कम या अचानक ज्यादा होने से सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और झरनों या जल-स्रोतों के बहाव पर बुरा असर पड़ सकता है।  बता दें कि यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब कुछ महीने पहले नेपाल और भूटान में मानसून बहुत विनाशकारी रहा है। अगस्त में नेपाल में आई बाढ़ में लगभग 1500 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं पांच हजार से ज्यादा लोग लापता हो गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार इस आपदा के बाद राहत और पुननिर्माण कार्यों में देश को 4.7 अरब अमेरिकी डॉलर का खर्च उठाना पड़ा था।