मेटा के कार्यालयों में ‘तोड़फोड़’ को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा

नयी दिल्ली, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेताओं के सोशल मीडिया खाते निलंबित किए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा मेटा के कार्यालयों में कथित तौर पर जबरन घुसने के बाद शनिवार को कांग्रेस को ‘‘गुंडों की पार्टी’’ बताया और उस पर तोड़फोड़ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद स्थित मेटा के कार्यालय में न केवल तोड़फोड़ की बल्कि सोशल मीडिया पर इसे बढ़ चढ़ कर प्रसारित भी किया। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस गुंडों की पार्टी है! भारतीय युवा कांग्रेस के गुंडों ने न केवल हैदराबाद में मेटा के कार्यालय में तोड़फोड़ की बल्कि वे सोशल मीडिया पर इसे बढ़ चढ़कर प्रसारित भी कर रहे हैं।’’ भंडारी ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में जबरन घुसकर कमीज पहने बिना प्रदर्शन किया और भारत का ‘‘अपमान’’ किया। उन्होंने कहा, ‘‘याद कीजिए कि कैसे उन्होंने कमीज पहने बिना विश्व एआई शिखर सम्मेलन में घुसकर भारत का ‘‘अपमान’’ किया था! राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस गुंडों की पार्टी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह कांग्रेस का मॉडल है : निजी कंपनियों के कार्यालयों में तोड़फोड़ करना।’’ भंडारी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इसी वजह से कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांच अस्थिर अर्थव्यवस्थाओं (‘फ्रेजाइल फाइव’) में शामिल थी। उन्होंने कहा, ‘‘विकास में विश्वास रखने वाले हर भारतीय को कांग्रेस द्वारा की गई तोड़फोड़ का विरोध करना चाहिए!’’ मीडिया में आई खबरों के अनुसार, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं के सोशल मीडिया खाते कथित तौर पर निलंबित किए जाने के विरोध में हैदराबाद और मुंबई में मेटा के कार्यालयों में तोड़फोड़ की।