खड़गपुर (पश्चिम बंगाल), एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत ने पिछले 12 वर्ष में दिखाया है कि देश सोच की सीमाओं को तोड़कर अपनी क्षमताओं को पहचान सकता है, नए अवसर पैदा कर सकता है और गरीबों को सशक्त बना सकता है। मोदी ने देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने ‘‘सीमाएं तोड़ने और नयी संभावनाओं के द्वार खोलने’’ का अपना संकल्प स्पष्ट रूप से व्यक्त कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘देश को अपनी क्षमताओं का एहसास तभी होता है, जब वह अपनी सीमाएं तोड़ता है और नयी संभावनाओं के द्वार खोलता है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्ष में उनकी सरकार ने मौजूदा सीमाओं को तोड़ने और गरीबों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘पहले गरीबी हटाने की लाल किले से केवल बातें की जाती थीं लेकिन फाइलें बनाने के अलावा कुछ नहीं किया गया।’’ मोदी ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12-13 वर्ष में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने इसे देश के दृष्टिकोण और सोच में आए बदलाव का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, ‘‘देश को अपनी क्षमताओं का पता तभी चलता है, जब वह सोच की सीमाओं को तोड़ता है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है।’’ मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल ऐसी धरती है, जहां विचारों को मजबूती मिली और राष्ट्रीय आंदोलनों ने आकार लिया। उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर उस स्थान पर स्थित है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को हिरासत में रखने के लिए एक शिविर था। उन्होंने विद्यार्थियों से इस स्थान पर हिरासत में रखे गए स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, विचारों और गतिविधियों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा, ‘‘कल्पना कीजिए कि यहां रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी दिनभर किन विषयों पर बातचीत करते होंगे और क्या सोचते होंगे।’’ उन्होंने कहा कि उन स्वतंत्रता सेनानियों के विचार और बलिदान आज भी पीढ़ियों को प्रेरित कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संस्थान ने अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इस दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि इन दशकों में भारत में भी जबरदस्त बदलाव आया है और देश ‘‘बैलगाड़ियों से बुलेट ट्रेन तक तथा डाक से भेजे जाने वाले पत्रों से सोशल मीडिया संदेशों के‘‘ दौर तक पहुंच गया है। मोदी ने कहा कि भारत जब ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब आईआईटी खड़गपुर का 75 वर्ष का अनुभव देश के विकास और नवोन्मेष के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के विकास में संस्थान का योगदान भारत के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह के तहत ‘विकसित भारत के लिए 75 आवाजें’ पहल के अंतर्गत संस्थान के 75 मेधावी विद्यार्थियों से संवाद किया। इस संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने चयनित विद्यार्थियों के साथ सक्रिय रूप से बातचीत की। विद्यार्थियों ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में देश की यात्रा को लेकर अपने विचार साझा किए। वर्ष 1951 में स्थापित देश के पहले आईआईटी का प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला दौरा है। प्रधानमंत्री ने संस्थान के निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती के साथ आईआईटी खड़गपुर के सीनेट हॉल में विद्यार्थियों की नवोन्मेषी परियोजनाओं और अनुसंधान से जुड़े नमूनों की एक प्रदर्शनी भी देखी। प्रदर्शनी में विभिन्न स्टार्टअप से जुड़े विचारों के साथ ही कृषि, वस्त्र, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, ड्रोन प्रौद्योगिकी और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रौद्योगिकी क्षेत्र के नवोन्मेषों के मॉडल प्रदर्शित किए गए। प्रधानमंत्री ने आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चांदी के एक स्मारक सिक्के का अनावरण भी किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।





