जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा, (कपिल चावला)
अमरोहा के गजरौला में नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेपाल जा रही मनाली की टूरिस्ट बस सीमेंट से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉला में पीछे से जा टकराई। हादसे में बस सवार कई यात्री घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
गजरौला थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर क्लासिक रेस्टोरेंट फ्लाईओवर के ऊपर सुबह बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मनाली चंडीगढ़ से नेपाल जा रही टूरिस्ट बस के चालक को नींद की झपकी आ गई, जिसके चलते बस आगे चल रहे सीमेंट से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉला में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रैक्टर-ट्रॉला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

बस में सवार कई यात्री घायल हो गए, जबकि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया।

पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नींद की झपकी हादसे की वजह बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





