टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में तीन संदिग्ध कोटा में पकड़े गए: पुलिस

जयपुर, एजेंसी। राजस्थान पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में सोमवार को कोटा में तीन संदिग्धों को पकड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, कोटा शहर की पुलिस ने कोटा रेलवे स्टेशन पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। ये लोग ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। कोटा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई भाषा को बताया, "मुंबई पुलिस की सूचना पर कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज कोटा स्टेशन पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।" कोटा की जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने संवाददाताओं को बताया कि पकड़े गए संदिग्धों में रेहान हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। रितिक मूल रूप से बेगू सराय का है लेकिन कुछ साल से मुंबई रह रहा है। एक अन्य नाबालिग है। उन्होंने बताया कि संदिग्धों के कब्जे से कोई हथियार नहीं मिला है। उन्होंने तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस की टीम को सौंप दिया जाएगा जो कोटा आ रही है। शुरुआती पूछताछ के अनुसार, ये तीनों आरोपी कल शाम वारदात के बाद इस ट्रेन में बैठ गए। इनकी योजना जयपुर से बस पकड़कर दिल्ली जाने और वहां से नेपाल भागने की थी।

उन्होंने कहा कि गैंगस्टर अनिल पंडित ने ही रेहान को इस हमले के लिए तैयार किया था जिसने आगे बाकी लोगों को अपने साथ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुणे-जयपुर ट्रेन से यात्रा कर रहे थे जो सुबह 10:17 बजे कोटा रेलवे स्टेशन पहुंची। कोटा की जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर शहर की पुलिस के एक दल को रेलवे स्टेशन पर भेजा। रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों को भी सतर्क किया गया और संदिग्धों को जनरल डिब्बे से पकड़ लिया गया। उल्लेखनीय है रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनका चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। सोशल मीडिया में वायरल हुए एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने अभी तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।