देहरादून, एजेंसी। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की । बिसेन को यहां लोकभवन में आयोजित एक समारोह में उत्तराखंड के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई । इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत एवं विजय बहुगुणा तथा मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे । शपथ ग्रहण के पश्चात राज्यपाल ने उत्तराखंड पुलिस द्वारा दिए गए सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया। बिसेन ने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है जो पांच साल से अधिक समय तक प्रदेश के राज्यपाल रहे । चौहत्तर (74) वर्षीय बिसेन मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के पूर्व सांसद रह चुके हैं । इस मौके पर मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि वह उत्तराखंड की पावन धरती और यहां की जनता को हृदय से नमन करते हैं । उन्होंने देवभूमि की सेवा करने का अवसर देने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व का भी आभार जताया । उन्होंने कहा ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा केदार के प्रांगण से 21 वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का बताया था और 'इसी विजन को साकार करते हुए हमें इस प्रदेश के विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयों तक ले जाना है ।’’ बिसेन ने कहा कि राज्यपाल के रूप में उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में संवैधानिक मूल्यों की सदैव रक्षा करना, पद की गरिमा बनाए रखना तथा राज्य सरकार और जनता के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार और जनकल्याण की योजनाओं को गति देना शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि ही हमारा परम ध्येय है।’’ मुख्यमंत्री ने भी इस मौके पर नए राज्यपाल को बधाई और शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनके दीर्घकालीन राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक और संवैधानिक पदों पर रहने का अनुभव राज्य को मिलेगा ।
ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ली
19-Oct-2026





