नागोया, एजेंसी। भारत की प्राची पांडे ने सोमवार को यहां एशियाई पैरा खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में पदक पक्का कर लिया। उन्होंने महिला वर्ग छह के मुकाबले में थाईलैंड की कानोकपॉर्न फाथुमचाई को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। गांधीनगर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण लेने वाली प्राची न्यूरो-डिजेनेरेटिव बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने फाथुमचाई को हराकर महिला वर्ग छह के अंतिम चार में प्रवेश किया। वर्ग छह में ऐसे खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं जिनके दोनों हाथों और पैरों में गंभीर शारीरिक अक्षमता होती है और जो खड़े होकर खेलते हैं। प्राची ने ग्रुप चरण के अपने दूसरे मुकाबले में फाथुमचाई को 11-5, 11-4, 11-13, 12-10 से हराया। इस जीत के साथ वह एक जीत और एक हार के रिकॉर्ड के साथ ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहीं। प्राची के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही एशियाई पैरा खेलों की इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक सुनिश्चित हो गया। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से एमटेक की पढ़ाई पूरी कर चुकीं प्राची मंगलवार को फाइनल में जगह बनाने के लिए इराक की नजला अल-दय्येनी से भिड़ेंगी।
प्राची पांडे ने टेबल टेनिस में भारत के लिए पदक पक्का किया
19-Oct-2026





