जन प्रवाद, ब्यूरो।
मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद की तीर्थ नगरी शुक्रताल में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक 10 वर्षीय बच्ची सहित तीन श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युुवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार बिजनौर जिले के फतेहपुर कला गांव के रहने वाले मनीष गंगा में स्थान के दौरान डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके साथी राजन ने गंगा में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों गहरे पानी में फंस गए। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां राजन की मौत हो गई, जबकि मनीष की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं एक दूसरे हादसे में बागपत निवासी बिजवाड़ा गांव निवासी हिमांशु गंगा में नहाते समय डूब गया। काफी तलाश के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। तीसरी घटना में बिजनौर जिले के नगला गांव की 10 वर्षीय रागिनी गंगा स्थान के दौरान गहरे पानी में चली गई जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।अलग-अलग हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। बताया जा रहा है कि शुक्रताल में एक बड़े सत्संग का आयोजन चल रहा था, जिसके चलते श्रद्धालुओं की भीड़ थी। हालांकि, इस संबंध में भोपा क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इन हादसों का सत्संग से कोई ताल्लुक नहीं है। उन्होंने कहा कि तीनों मौतें गंगा में स्थान के दौरान डूबने से हुई हैं।





