जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। करवा चौथ के पावन पर्व पर सेवा भारती, नोएडा द्वारा नोएडा के लगभग 10 प्रमुख स्थानों पर बस्तियों की बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मेहंदी लगाने के विशेष कैंपों का आयोजन किया गया।
इन शिविरों में सेवा बस्तियों की 50 से अधिक कुशल बच्चियों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए लगभग 1000 बहनों के हाथों में मेहंदी लगाई। शिविरों में सोसाइटी के निवासियों ने अभूतपूर्व सहयोग देते हुए न केवल बढ़-चढ़कर भाग लिया, बल्कि बच्चियों के बैठने और उनके जलपान की भी उत्तम व्यवस्था की।
नोएडा महानगर मंत्री अरुण चौहान ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य इन बस्तियों की बच्चियों को आर्थिक रूप से मजबूत और सबल बनाना है, ताकि वे अपने त्योहार को अच्छे से मना सकें। इसके साथ ही इस प्रकार का व्यावहारिक प्रशिक्षण उनमें स्वाभिमान की भावना जागृत करता है, जिससे वे भविष्य में अपना स्वयं का कार्य भी शुरू कर सकें। सेवा भारती पिछले कुछ वर्षों से इस अनूठे प्रयास को पूरे नोएडा में लागू करने का लगातार प्रयास कर रही है। सेवा भारती हर बार सभी सोसाइटियों से आग्रह करती है कि वे अपने सेक्टरों में इस तरह के कैंप लगवाएं। यह अनूठी पहल वास्तव में समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन में त्योहारों की खुशियों का उजास बिखेरने और उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
नोएडा महानगर मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्पणा गुप्ता, मोनिका गुलाटी, निरूपमा शर्मा, सविता, रतना, दीपा, नरेन्द्र, मोनिका, मधुर जैन, सुदर्शन गुप्ता, डॉ. रेनू सिंह, कपिल किशोर, अनिल अग्रवाल, अनिल कालिया, रविंद्र हांडा, मंजू शर्मा एवं विभिन्न सेक्टरों के अन्य निवासियों ने भी सेवा बस्तियों से आईं बच्चियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान किया।





