PNB पर करोड़ों रुपये गबन का आरोप, ग्रेटर नोएडा के किसानों ने किया जमकर हंगामा

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के एच्क्षर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक के कई किसानों ने अपने-अपने बचत खातों और एफडी की रकम से उनकी इजाजत के बिना करीब 35 करोड़ रुपए गायब किए जाने का आरोप लगाया है। पिछले कई दिनों से किसान धरने पर बैठे हुए हें। किसानों के पैसे गबन करने के मामले में पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों के खिलाफ बीटा दो कोतवाली ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस घटना के विरोध में बुधवार को भी बैंक के बाहर खाताधारकों ने हंगामा किया। बैंक प्रबंधन से अपना पैसा वापस करने की मांग की।


पीड़ित खाताधारकों का आरोप है कि पीएनबी बैंक के कर्मचारियों ने मिलीभगत कर उनके खाते से रकम निकाली है। यह रकम उनकी बिना अनुमति के दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई। ज्यादातर किसानों के खाते में एक करोड़ से ज्यादा की राशि थी।
गबन के मामले में किसान संगठन विरोध में उतर आए हैं। किसानों ने बैंक के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसान नेताओं का कहना है कि जब तक एक-एक खातेदार का पैसा उनके खाते में वापस नहीं आ जाता उनका धरना जारी रहेगा।

किसान नेता बृजेश भाटी ने बताया कि आसपास के गांव के 50 से ज्यादा किसानों के खाते में सेंध लगाई गई है। किसानों को एयरपोर्ट से मिले मुआवजे की रकम बैंक के कर्मचारियों ने मिली भगत कर हड़प ली है। किसान नेता आलोक नागर और डॉ. विकास प्रधान ने कहा कि प्रकरण की सीबीआई जांच होनी चाहिए। राजकुमार का कहना है कि पैसा वापस नहीं मिलने तक यह आंदोलन जारी रहेगा। लोगों को यह भी डर सता रहा है कि कहीं बैंक लॉकर से उनके गहने गायब न कर दिए गए हों। बुधवार को कई लोग अपने लॉकर देखने पहुंचे। हालांकि, बैंक प्रबंधन ने दावा किया है कि किसी के लॉकर से छेड़छाड़ नहीं हुई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 316 (5) में मुकदमा दर्ज किया है।