ईवीएम पर आधी रात को हुआ बवाल, बारिश के बीच ममता पहुंच गईं स्ट्रांग रूम

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। पश्चिम बंगाल चुनाव में मतदान समाप्त होते ही जैसे ही एग्जिट पोल आए उसके बाद तो माहौल ही बदम गया। गुरुवार शाम को तो ऐसे हालात हो गए मानों दो अखाड़े आपस में भिड़ गए हों। दरअसल, तृणमूल कांग्रेस की ओर से एक सीसीटीवी वीडियो जारी किया गया, जिसमें स्ट्रांग रूम में मशीनों के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया। मामला यहीं नहीं रुका सीएम ममता बनर्जी भारी बारिश के बीच स्ट्रांग रूम तक पहुंच गईं। वह अपने चुनावी क्षेत्र भबानीपुर के उस केंद्र में पहुंचीं, जहां ईवीएम रखी हुई थीं। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि अगर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की गई तो वह जीने-मरने की जंग तक के लिए तैयार हैं। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग में सांठ-गांठ है। चुनावी धोखाधड़ी की जा रही है। उनके इन आरोपों का निर्वाचन आयोग ने जवाब दिाया। निर्वाचन आयोग ने साफ कर दिया कि स्ट्रांग रूम बंद हैं और सील किए जा चुके हैं।


बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार शाम नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन किया। यहां ईवीएम का स्ट्रांग रूम बनाया गया है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग के कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर मतपेटियों को गैर कानूनी तरीके से खोल रहे थे। तृणमूल कांग्रेस के एक राज्यसभा सदस्य ने सीसीटीवी फुटेज जारी किया। इस फुटेज में कथित तौर पर कुछ अनजान लोग स्ट्रांग रूम के अंदर घूमते हुए दिखाई दिए। इसके बाद दोनों दलों के समर्थक और कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। दोनों पार्टियों के नेता जब स्टेडियम पहुंचे तो वहां झड़प जैसी स्थिति बन गई। हालात और तनाव को बढ़ता देख देख नेताजी इंडोर स्टेडियम के स्ट्रांगरूम के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया।


टीएमसी ने गुरुवार को एक वीडियो जारी किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिख कि सीसीटीवी फुटेज से यह खुलासा हुआ है कि कैसे भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर किसी भी पार्टी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना बैलेट बॉक्स खोल रही है। यह सरेआम की जा रही चुनावी धोखाधड़ी है, जिसे चुनाव आयोग की पूरी जानकारी और सुरक्षा में अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने हर गंदा तरीका आजमाया। नाम हटाना, मतदाताओं को डराना, केंद्रीय बलों का आतंक और भारी कैश बांटने का काम किया, लेकिन वे बुरी तरह नाकाम रहे। अब पूरी तरह से हताश होकर वे ईवीएम के साथ छेड़छाड़ करने पर उतर आए हैं। खैर, भारी बारिश के बीच वहां स्थिति पर काबू पा लिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम रखे हुए हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी हाल में ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं हो सकती। स्ट्रांग रूम पूरी तरह से सील हैं और सीसीटीवी की निगरानी में हैं।