जन प्रवाद, ब्यूरो। कपिल चावला
अमरोहा। अमरोहा में हत्या के एक मामले में आरोपियों के घर बुलडोजर की कार्रवाई की मांग को लेकर मृतक युवक का पिता पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम सदर और सीओ नौगावां सादात मौके पर पहुंचे और युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किया। 
मामला अमरोहा जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया का है। बताया जा रहा है कि 9 अगस्त को गांव निवासी सुधांशु प्रजापति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्याज के पैसों को लेकर हुए विवाद में गांव के ही अरविंद पर गोली मारने का आरोप है। पुलिस आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब मृतक के पिता ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया। गांव की पानी की टंकी पर चढ़कर मृतक युवक के पिता ने बुल्डोजर की कार्रवाई की मांग की। 
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एसडीएम सदर और नौगावां सादात के सीओ ने मौके पर पहुंचकर मृतक के पिता को समझाने का प्रयास किया। अधिकारी उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करते रहे। काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा गया। खास बात यह है कि दो दिन पहले धनोरा क्षेत्र के कैसरा गांव में भी एक विधवा महिला अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। अब एक बार फिर पानी की टंकी पर चढ़कर मांग रखने का मामला सामने आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
पानी की टंकी पर चढ़ा पीड़ित पिता, बेटे के हत्यारे के घर बुलडोजर की मांग
02-Sep-2026





