जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टियों के गठबंधन ने यूपी की राजनीति में बड़ा परिवर्तन का संकेत दे दिया है। आजाद समाज पार्टी और आॅल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन यानी एआईएमआईएम के नए गठबंधन ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा और सपा के बीच समीकरण बदल गए हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि इसका लाभ भाजपा को मिलेगा या सपा को। बता दें कि आसपा अध्यक्ष चंद्रशेखर और एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन औवैसी की जोड़ी ने मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एक नया राजनीतिक मंच ही नहीं बल्कि एक मजबूत विकल्प देने का भी संदेश दिया है। चर्चाएं हैं कि इस मंच के बनने से भाजपा को लाभ मिलेगा जबकि सपा को बड़ा नुकसान होगा। प्रदेश में करीब 19 फीसदी मुस्लिम और 21 फीसदी दलित आबादी है। इन दोनों वर्गों का एक बड़ा हिस्सा अब तक भाजपा के खिलाफ सपा के साथ खड़ा होता रहा है। ऐसे में नए मोर्चे की सक्रियता विपक्ष के वोट बैंक में सेंध लगा सकती है और इसका सीधा फायदा भाजपा को मिल सकता है।

बता दें कि सपा की चुनावी रणनीति का एक बड़ा आधार मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन और पिछड़े-दलित वर्गों के बीच पैठ बनाना रहा है। ओवैसी की एआईएमआईएम मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी अलग राजनीतिक जमीन तलाशती रही है, जबकि चंद्रशेखर आजाद दलित राजनीति में अपनी पहचान मजबूत करने में जुटे हैं। दोनों के एक मंच पर आने से सपा के सामने दोहरी चुनौती होगी। उसे मुस्लिम मतदाताओं के बीच ओवैसी की चुनौती से निपटना होगा तो दलित वोटों के लिए चंद्रशेखर से मुकाबला करना होगा।
इस गठबंधन की कामयाबी का सबसे बड़ा पैमाना यह होगा कि वह सपा के कितने वोट अपनी ओर खींच पाता है। अगर मुस्लिम मतदाताओं का एक हिस्सा ओवैसी और दलित मतदाताओं का एक हिस्सा चंद्रशेखर के साथ जाता है तो कई सीटों पर सपा की जीत की राह मुश्किल हो सकती है।





