जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अपने नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के भूमि पूजन के अवसर पर सीएनएच इंडस्ट्रियल को प्रदेश सरकार की ओर से हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि यह प्रोजेक्ट राज्य में फार्म मैकेनाइजेशन एंड मॉडर्न मैन्युफैक्चरिंग को नई गति देने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित करेगा। उक्त बातें सीएम योगी ने कहीं। वे जेवर में आयोजित सीएनएच इंडस्ट्रियल के ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में लखनऊ से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है। राज्य में रूल ऑफ माफिया के स्थान पर रूल ऑफ लॉ स्थापित हुआ है। सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश आज उत्तर प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14,000 से बढ़कर 35,000 से अधिक हो चुकी है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या 1 करोड़ तक पहुंच गई है। स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25,000 से अधिक हो गई है। प्रदेश जीसीसी के हब के रूप में उभर रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव अब तक धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इंवेस्टर समिट के माध्यम से हम 7.50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रकिंग करने जा रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि आपने यूपी के बुलडोजर की चर्चा जरूर सुनी होगी। इसलिए मैं सीएनएच से कहूंगा कि आप यहां ट्रैक्टर की मैन्युफैक्चरिंग के लिए आए हैं, लेकिन यदि आप यूपी में बुलडोजर भी बनाएंगे तो देश-विदेश में स्वत: ही इसकी भारी डिमांड होगी, क्योंकि यह पहले ही यहां का एक ब्रांड बन चुका है।





