रायसेन (मध्यप्रदेश), एजेंसी। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक अज्ञात वाहन की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार रात करीब 10 बजे जिला मुख्यालय से 105 किलोमीटर दूर सिलवानी-बरेली राजमार्ग पर कीरतपुर गांव के सामने हुई। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) आशुतोष त्यागी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार रसिक सिंह ठाकुर (10) और राजकुमार सिंह ठाकुर (24) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक महिल सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा कि सभी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे और घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। त्यागी ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायसेन में वाहन की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत, दो घायल
12-Nov-2026





