अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर चला बुलडोजर, फुटपाथ से हटाया गया अस्थायी ढांचा

कोलकाता, एजेंसी। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास के बाहर बृहस्पतिवार को नगर निकाय ने बुलडोजर चलाकर फुटपाथ पर बना बांस का अस्थायी ढांचा हटा दिया। अधिकारियों ने पैदल यात्रियों की आवाजाही में कथित बाधा बन रहे लोहे के गेट को भी गैस कटर से काटकर हटा दिया। यह कार्रवाई बनर्जी के 121, कालीघाट रोड स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। इस दौरान कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान तैनात थे। नगर निकाय के कर्मचारियों ने पहले बुलडोजर से ढांचे को गिराया और फिर बांस के खंभे हटाकर फुटपाथ खाली कराया। बनर्जी ने कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बुलडोजर उनकी आवाज को दबा नहीं सकते और न ही उनका संकल्प तोड़ सकते हैं। डायमंड हार्बर के सांसद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं ‘बांग्ला विरोधियों’ के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखूंगा। मैं अपनी आखिरी सांस तक न तो पीछे हटूंगा और न ही एक इंच पीछे खिसकूंगा।” पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने नगर निकाय की कार्रवाई का बचाव किया। घोष ने संवाददाताओं से कहा, “यह कार्रवाई उचित है, क्योंकि इलाके के लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।

वह (अभिषेक) खुद को कानून से ऊपर समझते थे।” यह ढांचा विवाद का विषय बना हुआ था। टीएमसी का कहना था कि इसे पश्चिम बंगाल सुरक्षा निदेशालय ने बनर्जी को जेड-प्लस सुरक्षा मिलने के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों के लिए बनवाया था। पार्टी ने इसे सांसद द्वारा कराया गया अनधिकृत निर्माण मानने से इनकार किया था। टीएमसी प्रवक्ता अर्का नाग ने बुधवार को कहा था कि अतिरिक्त सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद ढांचे की जरूरत नहीं रह गई थी और बनर्जी की ओर से इसे हटाने की व्यवस्था की जा रही थी। उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने बुधवार को इसे हटाना भी शुरू कर दिया था। विवाद बुधवार को तब और बढ़ गया, जब बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी वाहनों के जरिये उनके आवास के बाहर निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया था। टीएमसी ने दावा किया था कि पुलिसकर्मी ढांचा हटवाने के लिए वहां पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने भी ढांचे पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि इससे फुटपाथ पर पैदल चलने वालों को परेशानी होती थी और उन्हें भीड़भाड़ वाली सड़क से गुजरना पड़ता था। छह नवंबर को बनर्जी के जन्मदिन समारोह के दौरान कालीघाट में बड़ी संख्या में लोगों के ढांचे के नीचे जुटने के बाद यह विवाद और बढ़ा। पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने और टीएमसी के मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरने के बीच इस कार्रवाई ने राजनीतिक टकराव को और बढ़ा दिया है।