जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं। गुरुवार को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने जहां अपना घोषणा पत्र जारी किया, वहीं सीएम योगी से बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह लखनऊ के पांच कालीदास मार्ग स्थित सीएम आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
मुख्यमंत्री और पूर्व सांसद ने बंद कमरे में एक घंटे से भी अधिक समय तक बातचीत की। कभी मुलायम सिंह यादव की तारीफ तो कभी अखिलेश के पक्ष में बयान देकर भाजपा को असहज करने वाले बृजभूषण शरण सिंह की इतनी लंबी चली मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री शुक्रवार को बृजभूषण शरण सिंह के इलाके गोंडा, बलरामपुर, देवीपाटन जा रहे हैं। देवीपाटन मंदिर में ही सीएम योगी रात में रुकेंगे। सीएम आवास में प्रवेश करने से पहले मीडिया के पूछे जाने पर बृजभूषण शरण सिंह ने इस मुलाकात के पीछे का कारण स्पष्ट भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन के बाद वे शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए आए हैं। हालांकि, शोक संवेदना के औपचारिक शिष्टाचार से इतर दोनों नेताओं के बीच एक घंटे से अधिक समय तक चली इस लंबी मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

बता दें कि यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। ऐसे समय में बृजभूषण शरण सिंह का सीएम आवास पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देवीपाटन मंडल और पूर्वांचल की कई विधानसभा सीटों पर बृजभूषण शरण सिंह और उनके परिवार का सीधा राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। चुनाव से पहले पार्टी के भीतर समन्वय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिहाज से इस लंबी बातचीत को अहम माना जा रहा है।
महिला पहलवानों के शोषण का आरोप लगने के बाद पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया था। इसके बाद से बृजभूषण शरण सिंह और भाजपा के बीच दूरियों की खबरें समय-समय पर सामने आती रही हैं। बीते कुछ महीनों के दौरान बृजभूषण अपने तीखे तेवरों और अलग तरह के बयानों के कारण सुर्खियों में रहे। उन्होंने कई मौकों पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव की खुलकर तारीफ की, तो कभी सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर दिए गए अपने बयानों से भाजपा को असहज करने वाली स्थिति भी पैदा की। अब देखने की बात होगी कि बृजभूषण शरण सिंह की सीएम योगी से मुलाकात का आगामी दिनों में क्या करवट बदलती है यह तो समय के गर्त में है।





