मतदाता पहचान पत्र बनवाने का मौका, 28 एवं 29 नवंबर के विशेष अभियान

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद गौतमबुद्धनगर में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ऑब्जर्वर भानु चंद्र गोस्वामी ने भाग लिया। इसके अलावा विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, जिलाध्यक्ष महानगर महेश चौहान आदि मौजूद थे। इस दौरान मतदाता सूची में नए मतदाताओं के पंजीकरण, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, आॅफलाइन प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, डुप्लीकेट प्रविष्टियों के सत्यापन तथा आगामी 28 एवं 29 नवंबर को प्रस्तावित विशेष अभियान दिवसों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।


मंडलायुक्त ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करना है। इसके लिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारी केवल निर्धारित लक्ष्यों तक सीमित न रहें, बल्कि व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से ऐसे प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनाएं, जिसका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभावार एवं मतदेय स्थलवार बीएलओ की अद्यतन सूची तथा उनके मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने और मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 का अधिकाधिक प्रचार कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाता सूची में पाई जाने वाली डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार स्थलीय सत्यापन कराते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से सूची से विलोपित न हो।


मंडलायुक्त ने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत 17 नवंबर 2026 से प्रतिदिन प्राप्त हो रहे दावों एवं आपत्तियों से संबंधित सूचियां जनपद गौतमबुद्धनगर की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इनमें फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित किए जाने से संबंधित सूची फार्म-9, फार्म-7 के माध्यम से अपमार्जित किए गए मतदाताओं की सूची फार्म-10 तथा फार्म-8 के माध्यम से दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन एवं शिफ्ट किए गए मतदाताओं से संबंधित सूचियां फार्म-11, 11ए एवं 11बी शामिल हैं।