ट्रंप के नए शुल्क प्रस्ताव की अमेरिकी सांसद ने आलोचना की अगले साल इन्हें खत्म करने का संकल्प जताया

वाशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी सांसद ग्रेस मेंग ने एशिया की लगभग सभी अर्थव्यवस्थाओं सहित 14 देशों पर नए शुल्क लगाने के ट्रंप प्रशासन के प्रस्ताव की आलोचना करते हुए संकल्प जताया कि अगले साल डेमोक्रेटिक पार्टी के अमेरिकी कांग्रेस में नियंत्रण हासिल करने पर इन महंगे शुल्कों को खत्म किया जाएगा। ‘कांग्रेसनल एशियन पैसिफिक अमेरिकन कॉकस’ (कैपैक) की अध्यक्ष मेंग ने बुधवार को कहा कि ट्रंप के शुल्कों ने एशियाई अमेरिकियों, मूल हवाई वासियों और प्रशांत द्वीप समूह के लोगों (एएएनएचपीआई) के लिए जीवनयापन महंगा कर दिया है। मेंग ने यहां जारी एक बयान में कहा, ''उनके (ट्रंप के) गैर-जिम्मेदाराना व्यापार युद्ध ने देश के एएएनएचपीआई समुदायों के स्वामित्व वाले 30 लाख कारोबारों को विशेष रूप से प्रभावित किया है। इनमें से कई कारोबार आयातित वस्तुओं पर निर्भर हैं, जिनका घरेलू स्तर पर उत्पादन नहीं किया जा सकता।'' उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क के चाइनाटाउन से लेकर शिकागो के लिटिल इंडिया और ऑरेंज काउंटी के लिटिल साइगॉन तक एएएनएचपीआई समुदाय ट्रंप की विफल आर्थिक नीतियों का खामियाजा भुगत रहे हैं और ऐसे नेताओं की मांग कर रहे हैं जो चीजों को किफायती बनाने के लिए काम करें। मेंग ने कहा, ''अगले साल कैपैक के सदस्य व्यापार को विनियमित करने के लिए अमेरिकी संविधान के अनुच्छेद एक के तहत कांग्रेस के संवैधानिक अधिकार को फिर से हासिल करेंगे और इन महंगे शुल्कों को हमेशा के लिए खत्म करने की दिशा में काम करेंगे।'' उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं और किराने के सामान पर लगाए गए शुल्कों से परिवारों, उपभोक्ताओं और छोटे कारोबारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। मेंग के अनुसार, सितंबर 2026 तक ट्रंप की नीतियों के कारण बढ़ी कीमतों की वजह से अमेरिका के एक औसत परिवार को वस्तुओं और सेवाओं के लिए 4,700 अमेरिकी डॉलर अतिरिक्त खर्च करने पड़े हैं। 

अमेरिका ने बुधवार को भारत से आयातित वस्तुओं पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया। हालांकि, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता होने पर इसे घटाकर 17 प्रतिशत तक सीमित करने का प्रावधान किया गया है। इससे भारत को एशिया के प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले मामूली बढ़त मिल सकती है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) ने कहा कि भारत की ''अनुचित गतिविधियों, नीतियों और तौर-तरीकों'' में विनिर्माण विस्तार की औद्योगिक योजनाएं, श्रमिकों को अपर्याप्त संरक्षण, वित्तीय दमन की नीतियां, बाजार तक पहुंच में लगातार बाधाएं तथा वैश्विक स्तर पर अतिरिक्त उत्पादन क्षमता और विनिर्माण को लेकर चिंताओं का समाधान करने में विफलता शामिल हैं। यूएसटीआर ने कहा कि इन गतिविधियों और नीतियों से भारत तथा तीसरे देशों के बाजारों में अमेरिकी उत्पादकों और निर्यातकों के लिए कारोबारी अवसर घटते हैं। इससे अमेरिका में विनिर्माण क्षेत्र के उत्पादन, निर्यात, रोजगार और निवेश को नुकसान पहुंचता है तथा गैर-बाजार अर्थव्यवस्था (एनएमई) से प्राप्त होने वाले कच्चे माल और अन्य उत्पादों पर निर्भरता के कारण उसकी आर्थिक सुरक्षा के जोखिम बढ़ते हैं। भारत ने बुधवार को कहा कि वह द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है। हालांकि, उसने विनिर्माण क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता होने के अमेरिकी आरोप को खारिज कर दिया।