सपा का घोषणा पत्र हवा-हवाई, मायावती बोलीं, PDA की तरह ही है खोखला

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी की ओर से जारी ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ को लेकर निशाना साधा है। मायावती ने इसे हवा-हवाई बताया। उन्होंने कहा कि यह सपा के कथित पीडीए की तरह ही खोखला है। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का यह घोषणापत्र जनहित के बजाय धन-मन वादी सोच को दर्शाता है। मायावती ने कहा कि सपा का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध रहा है। उन्होंने हाल ही में यूपी से राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सपा ने पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को तरजीह दी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी।


बसपा प्रमुख ने कहा कि सपा का जन-मन घोषणापत्र वास्तव में धन-मन वादी अधिक है। पार्टी चुनाव में अच्छे लोगों के बजाय धनवानों और बाहुबलियों को उम्मीदवार बनाएगी, जिन्हें जनहित से ज्यादा अपने स्वार्थ की चिंता रहती है। उन्होने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और कानून का राज बसपा की नीतियों और सिद्धांतों का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में बसपा की चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज के हितों को ध्यान में रखकर इन नीतियों पर ईमानदारी से अमल किया गया। उन्होंने सपा, कांग्रेस और भाजपा पर इन मुद्दों पर खरा नहीं उतरने का आरोप लगाया।
उन्होंने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया अपनाने तथा यूपी को जातिवादी द्वेष और दंगों से प्रभावित प्रदेश बनाने का भी आरोप लगाया। मायावती ने कहा कि जनता सपा के दावों और घोषणाओं को नहीं भूलेगी। उन्होंने लोगों से चुनावी वादों के नाम पर किए जा रहे कथित छलावे से सावधान रहने की अपील की। 


गौरतलब है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव 2027 के लिए गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का प्रस्ताव पास करेंगे। 25 लाख युवाओं को नौकरियां देंगे। बेरोजगारी भत्ते में युवाओं को 5000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। बीपीएल परिवार की बुजुर्ग जरूरतमंद महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये सालाना पेंशन दी जाएगी। बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना दिया जाएगा। सपा अध्यक्ष ने लखनऊ के एक होटल में पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए विधवा, दिव्यांग व अनाथ लड़कियों से शादी पर दो लाख की सहायता देने का वादा किया है। गांव में 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कई घोषणाएं कीं।