गंगा के जलस्तर को देखने पहुंचे डीएम, बाढ़ प्रभावित लोगों को दी राहत सामग्री

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा।
अमरोहा में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट पर है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने तिगरी क्षेत्र में नाव से गंगा नदी का भ्रमण किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांव का भी दौरा किया। अधिकारियों ने जलस्तर, वाटर फ्लो और रेस्क्यू बोट की तैयारियों को देखा। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की गई।

यूपी के अमरोहा के तिगरी क्षेत्र में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव ने नाव से गंगा नदी का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जलस्तर, वाटर फ्लो और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने रेस्क्यू बोट की तैयारियों के साथ उन्हें संचालित करने वाले कर्मचारियों के प्रशिक्षण और आपात स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम की जानकारी ली। डीएम के मुताबिक तिगरी में हाई फ्लो लेबल 202 मीटर है, जबकि वर्तमान जलस्तर करीब 201 मीटर है। वहीं ब्रजघाट में हाई फ्लो लेबल 199 मीटर और वर्तमान जलस्तर करीब 198 मीटर है। फिलहाल, गंगा का जलस्तर हाई फ्लो लेवल से नीचे बताया जा रहा है। प्रशासन को बिजनौर से आने वाले वाटर फ्लो में भी जल्द कमी आने की उम्मीद है।


निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और बाढ़ शरणालयों में व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस और प्रशासनिक टीमों को लगातार निगरानी बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।