जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: भारत मंडपम में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। प्रदर्शन की पक्ष के नेताओं ने कड़ी आलोचना की है। बीजेपी नेता संबित पात्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, किरेन रिजिजू, अश्विनी वैष्णव सहित अन्य नेताओं ने प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। बीजेपी नेता संबित पात्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रदर्शन की साजिश राहुल गांधी के घर पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी के सामने रची गई है। यह एक प्रयोग था ना कि कोई संयोग था। इसके अलावा पात्रा ने सभी प्रदर्शनकारियों की पहचान भी ऊजागर की। इसके अलावा पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के इशारे पर यह प्रदर्शन हुआ जिसकी वजह से भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं ने विदेशी मेहमानों के सामने "शर्मनाक" तरीके से व्यवहार किया।

मंत्री का दावा, प्रदर्शनकारियों ने कपड़े उतारकर किया नृत्य
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "आज राहुल गांधी ने सम्मेलन में आईवाईसी कार्यकर्ताओं से विरोध प्रदर्शन करवाया।" मंत्री ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के सामने कपड़े उतारकर नृत्य किया। मंत्री ने कहा, "यह बेहद शर्मनाक कृत्य है।" सिरसा ने आरोप लगाया कि गांधी को 'शायद इस बात का अहसास तक नहीं है कि कांग्रेस कितनी गिर चुकी है'। उन्होंने दावा किया कि गांधी विदेशी मेहमानों के सामने ऐसी हरकतों को सिर्फ ‘अपनी सत्ता की भूख को शांत करने के लिए' बढ़ावा दे रहे हैं।
एआई समिट में कार्यकर्ताओं ने किया शर्टलेस प्रदर्शन
बता दें कि शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट में युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे। वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं तथा उन पर “इंडिया यूएस ट्रेड डील”, “एपस्टीन फाइल्स” और “पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे लिखे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक एआई इम्पैक्ट समिट में विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लेकर उन्हें तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया।





