AI Impact Summit : NSUI कार्यकर्ताओं का इंडिया यूएस ट्रेड डील को लेकर प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट उतार कर किया प्रदर्शन

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली : भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट अपने शुरूआती दौर से ही चर्चा में बनी हुई है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी कंटवर्सी के बाद शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के साथ हुए समझौते को लेकर प्रदर्शन किया हालांकि यह प्रदर्शन कुछ ही मिनटों तक चल सका। इसके बाद पुलिस ने इन लोगों को वहां से हटाया और हिरासत में ले लिया। 

अमेरिका के साथ हुए समझौते पर कांग्रेस लगातार अपनी आपत्ति जाहिर कर रही है। कांग्रेस के शीर्ष नेता कई बार इस संबंध में अपनी जाहिर कर चुके है। कांग्रेस का कहना है कि समझौते पर हस्ताक्षर करके भारत ने अमेरिका के सामने सरेंडर कर दिया है। इसी संबंध में शुक्रवार को युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे। वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं, तथा उन पर “इंडिया यूएस ट्रेड डील”, “एपस्टीन फाइल्स” और “पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे लिखे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एआई इम्पैक्ट समिट में विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लेकर उन्हें तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया। कानून-व्यवस्था की स्थिति को भंग करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।

विरोध प्रदर्शन के चलते मच गई थी अफरा- तफरी 
प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दी। उनके विरोध प्रदर्शन के चलते वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ प्रतिभागियों और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। मौके पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद हॉल के अंदर सुरक्षा और कड़ी की जाएगी। यह विरोध प्रदर्शन कुछ ही मिनटों तक चला, जिसके बाद समूह को हॉल से बाहर निकाल दिया गया। इस घटना ने मेहमानों और अन्य आगंतुकों को हैरान कर दिया, क्योंकि ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के मद्देनजर यह अप्रत्याशित था।

देश- विदेश के एआई क्षेत्र के दिग्गज ले रहे है हिस्सा
भारत मंडपम में यह आयोजन 16 से 20 फरवरी तक हो रहा है, जिसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, वैश्विक एआई क्षेत्र के नेता, शिक्षाविद, शोधकर्ता, वैश्विक टेक कंपनियों के प्रमुख और परोपकारी भाग ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का औपचारिक उद्घाटन किया जिसमें कई विश्व नेता और वैश्विक टेक कंपनियों के प्रमुख उपस्थित थे।