दिल्ली सरकार का एक साल का रिपोर्ट कार्ड पेश, सीएम रेखा गुप्ता बोली- पहले दिशा बदली और दशा बदलेंगे

जनप्रवाद ब्यूरो, दिल्ली: दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता ने आज अपने कार्यकाल का एक साल पूरा कर लिया है। सीएम रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली भाजपा सरकार  ने एक साल में कितना काम किया है, इसका रिपोर्ट कार्ड पेश किया गया। रिपोर्ट कार्ड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास वाली सोच, अटल कैंटीन, 10 लाख  की आयुष्मान योजना, 1500 डायलिसिस मशीन सहित कई अन्य योजनाओं का जिक्र किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछली सरकार पर तंज भी किया। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह काम करने वाली सरकार है। पिछली सरकार शोर मचाती थी, हम काम करते है। 

 

'बहानों की राजनीति’ से आगे बढ़कर विकास की दिशा में काम किया
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 20 फरवरी 2025 को उनकी सरकार ने कार्यभार संभाला था और उसी के उपलक्ष्य में सचिवालय में रिपोर्ट कार्ड पेश किया जा रहा है। यह रिपोर्ट कार्ड सरकार के परिश्रम और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने ‘बहानों की राजनीति’ से आगे बढ़कर विकास की दिशा में काम किया और दिल्ली के कार्य संस्कृति में बदलाव लाया है। सीएम रेखा गुप्‍ता ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना लागू करने का निर्णय लिया गया था जिसका लाभ अब तक 30 हजार से अधिक लोग उठा चुके हैं। साथ ही दिल्ली में गरीबों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन की शुरुआत की गई है और वर्तमान में 70 अटल कैंटीनों में प्रतिदिन लगभग 70 हजार लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन मिल रहा है।

 

 

बुनियादी सुविधाओं पर दिया जा रहा है जोर
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार लोगों की बुनियादी सुविधाओं पर जोर दे रही है। दिल्ली में 180 किलोमीटर नई सीवर लाइन बिछाई गई है जबकि 144 नई सीवर लाइन परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी किए जा चुके है। उन्होंने बताया कि 105 एमजीडी क्षमता वाले चंद्रावल वाटर प्‍लांट का निर्माण इस वर्ष पूरा कर लिया जाएगा, जिससे राजधानी की 10 विधानसभा क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। 

 

मरघट वाले हनुमान मंदिर जाकर की पूजा अर्चना
सीएम रेखा गुप्ता ने रिपोर्ट कार्ड पेश करने से पहले मरघट वाले हनुमान मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की और दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जनता के आशीर्वाद और विश्वास से एक साल सफलतापूर्वक पूरा हुआ है। यह एक वर्ष दिल्ली की दिशा बदलने का समय था, अब अगले चार वर्षों में दिल्ली की दशा बदलने के लिए काम किया जाएगा।