जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। आगामी होली पर्व को लेकर नॉर्थ ईस्ट रेलवे (एनईआर) ने तैयारी तेज कर दी है। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में समस्या न हो इसके लिए एनईआर के गोरखपुर समेत सभी प्रमुख स्टेशनों से एक मार्च से 22 मार्च तक 62 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया गया है। इस बीच अगर डिमांड बढ़ती है तो फेरों की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा। इसमें गोरखपुर से सर्वाधिक एक दर्जन ट्रेनें दिल्ली से अमृतसर के लिए चलेंगी।

इसके साथ ही बिहार के प्रमुख स्टेशनों से भी होली स्पेशल का संचालन शुरू होगा। सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर, लखनऊ, बनारस, काठगोदाम और छपरा स्टेशन से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता सहित देश के विभिन्न नगरों के लिए यात्री होली स्पेशल की सुविधा का लाभ देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसे लिए 25 फरवरी से जंक्शन पर पैसेंजर होल्डिंग एरिया भी सक्रिय कर दिया जाएगा।
बता दें कि होली पर्व चार मार्च को है, लेकिन उसके पहले दिल्ली-मुंबई से आने वाली और होली के बाद यहां से जाने वाली सभी ट्रेनें पूरी तरह से फुल हैंं। कुछ ट्रेनों में तो नो रूम की स्थिति है। 25 फरवरी से लेकर दो मार्च तक गोरखपुर आने के लिए किसी भी ट्रेन में सीट नहीं है। साथ ही होली के बाद पांच मार्च से दिल्ली और मुंबई जाने के लिए 15 मार्च तक ट्रेनें पैक हैं।





