गर्मी में सुकून के लिए प्रसिद्ध पर्यटन स्थल, एक बार यहां अवश्य जाएं

नई दिल्ली। भारत में मई के महीने में तपिश चरम पर होती है। इसी महीने में स्कूलों में बच्चों की छुट्टियां होती हैं, जिसके चलते यह समय यात्रा के लिए आदर्श माना जाता है। ऐसे में गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडी जगहों की ओर रुख करते हैं, जहां वे राहत के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद ले सकें। देश में ऐसे कई स्थान मौजूद हैं जो मई में घूमने के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। चाहे उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों की बात की जाए या दक्षिण भारत के हिल स्टेशनों की, बर्फीली हवाएं, हरे-भरे बाग-बगिचों में सैर और शांतिपूर्ण वातावरण पर्यटकों का मन मोह लेते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस महीने घूमने की योजना बना रहे हैं तो हम इस लेख में आपको बताएंगे देश के कुछ ऐसे पर्यटन स्थलों के बारे में जहां इस मौसम में छुट्टियां मनाने का मजा दोगुना हो जाएगा।

हरिपुरधार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बसा हरिपुरधार एक छोटा और खूबसूरत शहर है। मई में अगर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इस जगह को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। ऋषिकेश और शिमला की तरह ही यह भी एक हिल स्टेशन है, लेकिन यहां की हरियाली और ठंडी हवा के बीच जाकर लोग अपनी सुध-बुध खो देते हैं। बर्फ से ढकी यहां की सुंदर वादियों के मनमोहक नजारे पर्यटकों को अपनी ओर खींच लाते हैं। यहां का वातावरण इतना सुहाना है कि यहां सबसे ज्यादा कपल्स घूमने के लिए जाते हैं। घूमने लायक जगहों में यहां की रेणुका झील, मां भंगायणी मंदिर, हरिपुरधार किला शामिल है। 

सेला पास

अरुणाचल प्रदेश के तवांग में स्थित सेला पास एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। इस जगह को हिमालय की खूबसूरत वादियों का प्रवेश द्वार भी माना जाता है। मई में घूमने के लिए इस जगह को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। वैसे तो देश में कई ऐसे स्थान है जो गर्मियों में ठंड का एहसास कराते हैं लेकिन, सेला पास ऐसी जगह है जहां पूरे साल बर्फ की चादर बनी रहती है। यहां की यात्रा के दौरान बर्फीले पहाड़ों में ट्रेकिंग का लुत्फ उठाया जा सकता है। इसके अलावा, सेला पास से कुछ ही दूरी पर स्थित तवांग मठ देखना कतई ना भूलें। यह मठ भारत का सबसे बड़ा बौद्ध मठ माना जाता है और इसकी स्थापत्य कला बेहद आकर्षक है। 

चेरापूंजी 

चेरापूंजी, मेघालय राज्य का एक खूबसूरत शहर है। अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं तो इस जगह को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। चेरापूंजी को एशिया की सबसे साफ जगह में से एक माना जाता है। यहां हर तरफ हरे-भरे जंगल और खूबसूरत झरने आपका मन मोह लेंगे। गर्मियों की छुट्यिों में झरने का मजा लेने के लिए यह जगह बिल्कुल परफेक्ट है। चेरापूंजी में पेड़ों की जड़ों से विकसित प्राकृतिक पुल मौजूद है। इसके अलावा, यहां घूमने के लिए सेवन सिस्टर्स, मौसमाई केव, इको पार्क जैसे खूबसूरत स्थान हैं। जहां आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां मना सकते हैं।

मैक्लॉडगंज

शांति और प्रकृति से बेहद करीब महसूस कराने के लिए हिमाचल प्रदेश का मैक्लॉडगंज अच्छी जगहों में शामिल है। यह हिमालय की पहाड़ियों के बीच में स्थित है। यहां मई के महीने में आप परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने का प्लॉन बना सकते हैं। मई में मैक्लॉडगंज का औसत तापमान 22 से 35 डिग्री के बीच रहता है। यहां पर आप सनसेट के अद्भुत नजारे के साथ बोटिंग का मजा ले सकते हैं। यहां का सबसे प्रमुख आकर्षण दलाई लामा का मंदिर है जहां शाक्य मुनि, अवलोकितेश्वर एवं पद्मसंभव की मूर्तियां विराजमान हैं। 

मनाली

घूमने की बात हो और मनाली का नाम ना आए ऐसा हो ही नहीं सकता है। मई में घूमने के लिए हिमाचल के मनाली को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। इस मौसम में यहां बर्फबारी नहीं होती, लेकिन मौसम सुहाना रहता है। नग्गर किला, अर्जुन केव्स और सोलांग घाटी मनाली के मुख्य आकर्षण हैं। इसके अलावा, मनाली में कई एडवेंचर स्पोर्ट्स का लुत्फ कम पैसों में उठाया जा सकता है। यहां पर ट्रेकिंग, राफ्टिंग, स्कीइंग, हाइकिंग और पैराग्लाइडिंग का मौका मिलता है। इस महीने में यहां का औसत तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। 

महाबलेश्वर

चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत के लिए महाराष्ट्र के महाबलेश्वर  को  आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। चारों तरफ से मनोरम दृश्यों से घिरे महाबलेश्वर में आपको घाटियां और हरियाली देखने को मिलेगी। सेंट्रल इंडिया के ‘क्वीन ऑफ हिल्स’ के नाम से मशहूर महाबलेश्वर को महाराष्ट्र के सबसे फेमस टूरिस्ट डेस्टिनेशन्स में से एक माना जाता है। यहां घूमने लायक जगहों में कृष्णाबाई मंदिर, पंचगंगा मंदिर, महाबलेश्वर मंदिर और शंकर मंदिर शामिल हैं। इसके अलावा, यहां हरे भरे घने जंगल और झरने का भी लुत्फ उठाया जा सकता है। 

गंगटोक

सिक्किम की राजधानी गंगटोक को मई में आप अपने घूमने की लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यह जगह आपको गर्मी से राहत दे सकती है। वैसे तो गंगटोक बहुत खूबसूरत है लेकिन यहां की झीले इसकी खूबसूरती में चार-चांद लगाती हैं। विश्व की तीसरी सबसे ऊंची चोटी कंचनजंगा यहीं पर स्थित है। इसके अलावा, यहां घूमने लायक जगहों में त्सोम्गो झील, रमटेक मठ, गणेश टोक, सात बहनें झरने, मैगनॉन और नाथू ला दर्रा शामिल है। जहां आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिता सकते हैं। 

लक्षद्वीप

मई में छुट्टियां बिताने के लिए आप लक्षद्वीप का रुख कर सकते हैं। यह जगह 36 से ज्यादा छोटे-छोटे टापूनुमा द्वीपों में बंटी हुई है। इन द्वीपों पर रेतीले तट और सुंदर प्राकृतिक नजारे देखते ही बनते हैं। यहां की प्रदूषण रहित हवा और साफ-सुथरा पानी इसकी खूबसूरती में चार-चांद लगा देता है। कभी-कभी इस महीने में यहां बारिश भी होती है। यहां घूमने लायक जगहों में अगत्ती द्वीप, मिनिकॉय द्वीप, बांगरम द्वीप, कावारत्ती द्वीप, कल्पेनी द्वीप और मरीन संग्रहालय शामिल है। इन जगहों पर कई प्रसिद्ध एक्टिविटीज, जैसे-पैराग्लाइडिंग, स्कूबा डाइविंग, कयाकिंग और स्नोर्केलिंग आदि का आनंद ले सकते हैं।