गुलाबी ठंड में लें घूमने का मजा

फरवरी न केवल चाकलेट, गुलाब और प्रेमियों के इकरार के महीने के रूप में जाना जाता है बल्कि पर्यटन के लिहाज से यह माह सबसे बेहतर माना जाता है। यह सर्दी के ठहराव का महीना होता है। वसंत की शुरुआत से पहले गुनगुनी धूप एक नई उमंग पैदा करती है। यह मौसम पर्यटकों को अलग अहसास देता है। फरवरी में पड़ने वाली गुलाबी ठंड पर्यटकों की यात्रा को और भी रोमांचक बना देती है। ऐसे में अगर आप भी फरवरी के महीने में कहीं घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आप भारत की इन खास चुनिंदा जगहों पर घूमने की प्लानिंग कर सकते हैं।
———————-
वाराणसी

पर्यटन स्थलों की शुरुआत वाराणसी से करते हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। दर्शन करने के लिए हर साल लाखों संख्या में लोग यहां आते हैं। कई भक्तों का मानना है कि शिवलिंग की एक झलक आपकी आत्मा को शुद्ध कर देती है और जीवन को ज्ञान के पथ पर ले जाती है। वाराणसी भारत के उत्तर प्रदेश राज्य में गंगा नदी के किनारे एक बेहद ही खूबसूरत शहर है। इसे आस्था और अध्यात्म के केंद्र के रूप में बहुत ही खास तीर्थ स्थलों में जाना जाता है। अगर आप वाराणसी गए हैं तो आपने ये चीज खुद देखी होगी कि यहां कई लोग मुक्ति और शुद्धिकरण के लिए भी आते हैं। वाराणसी अपने कई विशाल मंदिरों के अलावा घाटों और अन्य कई लोकप्रिय स्थानों से हर साल यहां आने वाले लाखों पर्यटकों को बेहद आकर्षित करता है। अस्सी घाट न केवल भारतीयों को बल्कि विदेशी पर्यटकों को भी काफी पसंद आता है। इसके अलावा वाराणसी में रामनगर किला और संकट मोचन हनुमान मंदिर भी आर्कषण का केंद्र है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के अंदर स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए रोजाना पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है।  
—-
आगरा

फरवरी के महीने में आगरा में ताज महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इसलिए यदि आप इस महीने कहीं जाएं या ना जाएं पर थोड़ा सा समय आगरा घूमने के लिए अवश्य निकालें। प्रेमी जोड़ों और नवविवाहितों के लिए फरवरी का महीना घूमने का सबसे बढ़िया आॅप्शन हो सकता है। दुनिया के सात आश्चर्यों में शामिल ताजमहल यहीं पर स्थित है। मोहब्बत की इस निशानी की एक झलक देखने के लिए देश-विदेश के पर्यटकों का यहां हमेशा आना-जाना लगा रहता है। ताजमहल आगरा की आन-बान-शान तो है ही, लेकिन यहां ऐसे कई और स्मारक भी मौजूद हैं, जिनकी वजह से पर्यटक यहां घूमने के लिए आते हैं। इन स्मारकों में आगरा का किला, अकबर का मकबरा, फतेहपुर सीकरी और जामा मस्जिद शामिल हैं।
—————-
उदयपुर

पूर्व का वेनिस और सिटी आॅफ लेक जैसे नामों से प्रसिद्ध उदयपुर भारत के सबसे खूबसूरत शहरों में से एक है। राजस्थान का जिला समृद्ध संस्कृति, इतिहास और खूबसूरत दृश्यों का मिश्रण है। उदयपुर में महलों से लेकर झीलों तक दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यह फरवरी में भारत में सबसे बेहतरीन हनीमून स्थलों में से एक हो सकता है। ये झीलों का शहर उदयपुर नीले पानी की झीलों के आसपास बसा है। अरावली की हरी-भरी पहाड़ियों से घिरा हुआ है। पिछोला झील के बीच में स्थित प्रसिद्ध लेक पैलेस, उदयपुर में घूमने के लिए सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। यहां घूमने के लिए बहुत कुछ है। यहां जयसमंद झील है, जिसे एशिया की दूसरी सबसे बड़ी मानव निर्मित मीठे पानी की झील कहा जाता है। खूबसूरत सिटी पैलेस और सज्जनगढ़ मानसून पैलेस शहर की वास्तुकला की सुंदरता और भव्यता में चार चांद लगाता हैं। ये अपनी रंग-बिरंगी सांस्कृतिक भव्यता और समृद्ध इतिहास के लिए जाना जाता है। इसके अलावा आप यहां सिटी पैलेस, पिछोला झील, सहेलियों की बाड़ी और जगमंदिर घूमने जा सकते हैं।
—————-
दार्जिलिंग

आप क्वीन आफ हिल्स के नाम से प्रसिद्ध पश्चिम बंगाल के इस शहर का रुख कर सकते हैं। समुद्र तल से 6,710 फीट की ऊंचाई पर बसा यह शहर अपनी संस्कृति और विरासत के साथ-साथ चाय के लिए भी काफी फेमस है। पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग की वादियां बेहद हसीन हैं। यहां से आप विश्व की तीसरी सबसे ऊंची पर्वत चोटी कंचनजंघा को भी देख सकते हैं। दार्जिलिंग की खूबसूरती, संस्कृति और जायका आपके हनीमून को यादगार बना सकती है। यहां, प्रकृति की गोद में हेरिटेज ट्रेनों और स्थानीय रीति-रिवाजों के साथ सुगंधित चाय, आपकी शाम को गुलजार कर सकती है। दार्जिलिंग हरे चाय के बागानों से घिरी हुई है। दार्जिलिंग में घूमने की कई सारी जगह हैं। जैसे लुढ़कती पहाड़ियों की ढलानों पर खूबसूरत चाय के बागान, आॅर्किड, पाइंस और रोडोडेंड्रोन, टाइगर हील, पद्मजा नायडू हिमालयन जूलॉजिकल पार्क और पहाड़ों के बीच से गुजरती हिमालयी टॉय ट्रेन, शानदार दर्शनीय स्थलों की सैर के साथ मिलकर इसे हनीमून के लिए एक परफेक्ट प्लेस बनाती हैं। तो फरवरी में आप यहां भी जाने की प्लानिंग कर सकते हैं।
———-
ऋषिकेश :

ऋषिकेश उत्तराखंड राज्य में गंगा नदी के किनारे बसा एक बहुत ही सुंदर और पवित्र शहर है। इसे योग नगरी भी कहा जाता है। यहां हर साल देश-विदेश से लाखों लोग घूमने, योग करने और शांति पाने के लिए आते हैं। ऋषिकेश सिर्फ धार्मिक जगह ही नहीं है, बल्कि यहां रोमांच और प्राकृतिक सुंदरता भी देखने को मिलती है। लक्ष्मण झूला ऋषिकेश की सबसे प्रसिद्ध जगहों में से एक है। यह एक लोहे का पुल है जो गंगा नदी पर बना हुआ है। मान्यता है कि भगवान लक्ष्मण ने यहीं से गंगा नदी पार की थी। यहां घूमना बहुत अच्छा लगता है। इसके अलावा राम झूला भी गंगा नदी पर बना एक झूला पुल है। यह लक्ष्मण झूले से थोड़ा आगे स्थित है। यहां से आप आश्रम, मंदिर और बाजार आसानी से घूम सकते हैं। फोटो खिंचवाने के लिए यह जगह बहुत पसंद की जाती है। अगर आपको एडवेंचर पसंद है, तो ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग जरूर करें। गंगा नदी में राफ्टिंग करना एक रोमांचक अनुभव होता है। यहां अलग-अलग लेवल की राफ्टिंग उपलब्ध है, जिसे आप अपनी सुविधा के अनुसार चुन सकते हैं। ऋषिकेश एक ऐसी जगह है जहां धर्म, प्रकृति और रोमांच तीनों का सुंदर मेल देखने को मिलता है। चाहे आप शांति चाहते हों या रोमांच, ऋषिकेश हर किसी के लिए खास है।
——————————-
गोवा

घूमने की बात आए और गोवा का नाम ना आए ऐसा हो ही नहीं सकता है। फरवरी में पर्यटन के लिए आप नार्थ गोवा या साउथ गोवा को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यह जगह शानदार समुद्र तट, सुंदर समुद्री खाद्य और रोमांटिक वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। गोवा में बीच का मजा लेने के साथ-साथ यहां वॉटर एक्टिविटीज का भी लुत्फ उठाया जा सकता है। यहां चर्च, मंदिर और बीचों पर चलने के अलावा प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठाया जा सकता है। बेसिलिका आफ बॉम जीसस, दूधसागर जलप्रपात, किला अगुआड़ा और सलीम अली पक्षी अभयारण्य यहां की देखने लायक जगहों में शामिल हैं।
कोडाइकनाल

तमिलनाडु में स्थित कोडाइकनाल दक्षिण भारत का सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशन है। समुद्र तल से 7200 फीट ऊंचाई पर यह हिल स्टेशन मदुरै के पास पश्चिमी घाट की ऊपरी पलानी पहाड़ियों में स्थित है। खूबसूरत झीलों, वॉटरफॉल और हरी-भरी पहाड़ियों की वजह से प्रकृति से प्यार करने वालों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। चारों तरफ घने जंगल इसकी खूबसूरती को चार चांद लगाते हैं। यहां घूमने के लिए एक से बढ़कर एक खूबसूरत जगह मौजूद हैं। इन जगहों में भालू शोला जलप्रपात, कोडाई झील, कुक्कल गुफाएं, शैतान की रसोई, बेरिजाम झील और कुरिंजी मंदिर शामिल हैं।