जनप्रवाद संवाददााता, नोएडा। आखिरकार जिस फिल्म सिटी के शिलान्यास की तारीख को सबको इंतजार था वह आ ही गई। गौतमबुद्ध नगर जिले में बन रही फिल्म सिटी का शिलान्यास कब होगा इस सस्पेंस से बोनी कपूर ने पर्दा उठा दिया है। उन्होंने 30 जून तक शिलान्यास करने का ऐलान किया है। अब जल्द ही यहां फिल्मों की शूटिंग से लेकर निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
—-
तारीख का ऐलान
फिल्म निर्माता बोनी कपूर 26 मई को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा पहुंचे। यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के सेक्टर-21 में बन रही फिल्म सिटी को लेकर प्राधिकरण के साथ बैठक की। इस दौरान खुलासा किया गया कि 30 जून तक नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी का शिलान्यास किया जा सकता है। बता दें कि इस फिल्म सिटी को बोनी कपूर की बेव्यू कंपनी और भूटानी ग्रुप मिलकर बना रहे हैं। फिल्म सिटी के एक हिस्से में लगभग 21 एकड़ में एक इंस्टीट्यूट भी बनाया जाएगा, जहां फिल्म से जुड़ी पढ़ाई और प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से कर सकते हैं।
—
क्रमवार होगा विकास
बोनी कपूर ने बताया कि इसके पहले चरण में फिल्म स्टूडियो के 14 साउंड स्टेज बनेंगे। 21 एकड़ में इंस्टीट्यूट बनेंगे और स्टूडियोज भी तैयार किए जाएंगे। फिल्म सिटी की खासियत को लेकर उन्होंने बताया कि यहां बहुत सारे स्टूडियो और अलग-अलग फ्लोर होंगे। एक स्टूडियो में परमानेंट पानी का टैंक रहेगा। इसमें वर्चुअल स्टूडियो होगा, जहां बड़ी एलईडी स्क्रीन लगी होगी। ये स्क्रीन 80 बाय 20 या उससे भी बड़ी हो सकती हैं। यहां आप कंप्यूटर से बने दृश्य दिखा सकते हैं। अलग-अलग साइज के स्टूडियो होंगे। कुछ टीवी शो के लिए, कुछ फिल्मों के लिए। कुछ जगह पर परमानेंट सेट होंगे। साथ ही, खुला मैदान भी होगा जहां आउटडोर शूटिंग हो सके। यह सब कुछ 155 एकड़ में फैला होगा।
तीन फिल्म सिटी सबसे ज्यादा एक्टिव
बोनी कपूर ने बताया कि भारत में इस समय तीन फिल्म सिटी सबसे ज्यादा एक्टिव हैं। पहली मुंबई की फिल्म सिटी, दूसरी हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी और तीसरी इंडी स्टूडियो, जो मुंबई के पास है। इसके अलावा तमिलनाडु में भी फिल्म सिटी बनाई गई थी, लेकिन फिलहाल वह उतनी एक्टिव नहीं है। मैंने इन तीनों बड़ी फिल्म सिटीज में काम किया है और वहां शूटिंग भी की है। उनकी अच्छाइयों और कमियों दोनों से अच्छी तरह वाकिफ हूं। ऐसे में नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी को आज के जमाने के मुताबिक बनाया जाएगा।
धर्म प्रकृति क्षेत्र से बढ़ेगा गौरव
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण अब निवेश हब के साथ धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में भी पहचाना जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण ने बड़ी योजना तैयार की है। यहां धर्म प्रकृति क्षेत्र बनाएगा जाएगा। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि यहां भारत के हर बड़े धार्मिक मंदिरों के एक साथ दर्शन किया जा सकेगा।
मास्टर प्लान तैयार
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण को अब नया रूप देने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है। इस बारे में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने हमारे संवाददाता कैलाश चंद को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यीडा क्षेत्र में धर्म प्रकृति क्षेत्र बसाया जाएगा। देश के प्रसिद्ध मंदिरों और धर्म से जुड़ी संस्थाओं को जमीन आवंटित की जाएगी। इससे न धर्म पर्यटन को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ ही एक ही स्थान पर भारत के हर बड़े धार्मिक मंदिरों के एक साथ दर्शन हो सकेंगे। लोग यहां आकर भारतीय संस्कृति और देश के विचारों से अवगत हो सकेंगे।