जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजग संसदीय दल की बैठक में कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता एक बड़ा फैसला है जो हर देशवासी के लिए लाभदायक होगा। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संसदीय दल की बैठक में सदस्यों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि उनकी सरकार हमेशा राष्ट्र के हित में काम करती है।
राजग ने किया स्वागत
जग के घटक दलों के सदस्यों ने यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ व्यापार समझौतों के लिए प्रधानमंत्री को बधाई भी दी और कहा कि इससे भारतीय विनिमार्ताओं, निर्यातकों और उद्यमियों को मजबूती मिलेगी। भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए है जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय उत्पादों पर शुल्क को कुल 50 प्रतिशत से कम करके 18 प्रतिशत करेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), जनता दल-यूनाइटेड (जदयू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), शिवसेना, जनता दल (सेक्युलर) और राजग के अन्य दलों के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि पूरे देश में इस समझौते को लेकर उत्साह है। उन्होंने कहा कि सांसदों में इस बात को लेकर उत्साह है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नौ व्यापार समझौते पूरे हुए हैं। कुल 39 देशों के साथ व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह ऐतिहासिक है। ये सभी 39 देश विकसित देश हैं यह ऐतिहासिक है।
समर्थन में शिवसेना
शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सांसदों को समझाया कि सरकार भारत के पक्ष में काम करती है, चाहे वह व्यापार समझौता हो या बजट। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका तथा भारत-यूरोप के बीच व्यापार समझौते का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग अपने अच्छे काम की वजह से एक के बाद एक चुनाव जीत रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव जमीन पर उतरे बिना नहीं जीते जा सकते। हमें जमीन पर रहना होगा और लोगों की भलाई के लिए अच्छे काम करते रहना होगा।
—
समझौते से विकास होगा तेज
जनता दल(एस) नेता और केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने कहा कि राजग की बैठक में भारत की आर्थिक साझेदारियों को मजबूत करने और विकसित भारत के सपने की ओर बढ़ने की सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, अपना दल की नेता और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा और अन्य नेता शामिल हुए। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि राजग की बैठक में केंद्रीय बजट पर भी चर्चा हुई जिसकी देश की एक बड़ी आबादी ने सराहना की है।
—-
युवाओं, उद्यमियों के लिए अपार अवसर: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और इससे व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे तथा परस्पर विकास को बढ़ावा मिलेगा। शाह ने ह्यएक्सह्ण पर कहा कि यह समझौता हमारे युवाओं और उद्यमियों के लिए अपार अवसरों के मार्ग खोलेगा।
—————
यह किसानों के साथ विश्वासघात है: विपक्ष
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, नरेन्द्र मोदी घबराए हुए हैं। जो व्यापार समझौता चार महीने से रुका हुआ था, उसमें कुछ बदला नहीं और कल शाम उस पर हस्ताक्षर कर दिया गया। इसके पीछे क्या कारण है, वो मैं जानता हूं और नरेन्द्र मोदी जानते हैं। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दबाव में आकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किया तथा इसमें भारत के करोड़ों किसानों के साथ विश्चासघात किया गया है। उनका यह भी कहना है कि इस समझौते के विवरण को स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया, मोदी जी पर भयंकर दबाव है। उनकी छवि का जो गुब्बारा है, जिसे हजारों करोड़ रुपए खर्च कर बनाया गया था, वो फूट सकता है। असल में समस्या (पूर्व सेना प्रमुख एम एम) नरवणे जी का बयान नहीं है, ये तो साइड शो है। बड़ी बात यह है कि भारत के प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज्ड हो चुके हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दे से ध्यान भटकाने वाली हेडलाइन बनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्यापार समझौते की घोषणा का अनुरोध किया। रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, देर रात अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा की जा रही है और यह प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध पर तुरंत प्रभाव से लागू हो रहा है। यह अनुरोध निश्चित रूप से ध्यान भटकाने वाली हेडलाइन बनाने के लिए किया गया था, क्योंकि सोमवार दोपहर लोकसभा में राहुल गांधी ने चीन के सामने उनकी कायरता और आत्मसमर्पण को बेनकाब कर दिया था। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने दावा किया कि इस समझौते के पीछे कोई न कोई गुप्त एजेंडा जरूर है क्योंकि अमेरिका कभी ऐसा समझौता नहीं करता जिसमें उसे घाटा हो। उनका कहना था, अमेरिका बहुत शातिर व्यापारी है। वह कभी भी ऐसा कुछ नहीं करेगा जो उसके हितों के खिलाफ हो या उसे कोई नुकसान हो, इसलिए इस समझौते में जरूर कोई छिपा हुआ एजेंडा होगा सब कुछ गुप्त है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि गौतम अदाणी को अमेरिका में मुकदमे से बचाने के लिए व्यापार समझौता किया गया है आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह समझौता किसानों के साथ विश्वासघात है। द्रमुक सांसद कनिमोई ने व्यापार समझौते को लेकर कहा, इस पर बिल्कुल भी स्पष्टता नहीं है. संसद का सत्र चल रहा है, अभी तक वहां कोई बयान नहीं दिया गया है, जबकि अमेरिका की ओर से यह घोषणा आयी है। अमेरिकी राष्ट्रपति के बोलने के बाद ही प्रधानमंत्री ने प्रतिक्रिया दी।





