बिहार विधानसभा चुनाव का बेहद रोचक एग्जिट पोल 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। अंतिम चरण के बाद बिहार विधानसभा चुनाव का बेहद रोचक एग्जिट पोल सामने आया है। 9 एग्जिट पोल सर्वे के अनुसार बिहार में एनडीए फिर से वापसी कर रहा है। इसी बीच कुछ ऐसी हॉट सीटों के पूर्वानुमान सामने आए हैं जिन्हें जानकार आप हैरान रह जाएंगे। इसमें सबसे ज्यादा चर्चित चेहरे अनंत सिंह, भाई वीरेंदर और मैथिली ठाकुर शामिल हैं।
एनडीए की वापसी के संकेत

बिहार के पूरे एक्जिट पोल की बात करें तो प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बन रही है। राज्य की रिकॉर्डतोड़ वोटिंग से साफ है कि जनता ने किसी एक खेमे को सत्ता की बागडोर सौंपने का फैसला कर लिया है। पीपुल्स प्लस एजेंसी के एग्जिट पोल ने एनडीए को 133 से 159 सीटें दी हैं। जबकि अन्य के लिए 2 से 13 सीटों का अनुमान लगाया है। वहीं महागठबंधन को इस एजेंसी ने 75 से 101 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।  पीपुल्स इनसाइट ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जो एग्जिट पोल दिया है। उसमें एनडीए को 133 से 148 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं अन्य पार्टियों और निर्दलीयों को 3 से 8 सीटें मिलने की बात कही गई है। पीपुल्स इनसाइट ने महागठबंधन के लिए 87 से 102 सीटों का अनुमान लगाया है। इसने भी महागठबंधन को 100 से ज्यादा सीटें दी हैं।
एनडीए को 130 से 138 सीटें 

चाणक्य एजेंसी एग्जिट पोल के अनुसार इस बार एनडीए को 130 से 138 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। वहीं इसने अन्य के खाते में 3 से 5 सीटें दी हैं। एजेंसी ने महागठबंधन के खाते में 100 से 108 सीटें जाने की भविष्यवाणी की है। पोलस्ट्रैट ने अपने एग्जिट पोल में एनडीए के खाते में 133 से 148 सीटें जाने का अनुमान लगाया है। अन्य पार्टियों और निर्दलीय की तरफ 3 से 5 वोटों के जाने का पूवार्नुमान है। महागठबंधन के खाते में 87 से 102 सीटों के जाने का अनुमान लगाया है। इसने भी महागठबंधन को 100 से ऊपर सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है। इसी तरह जेवीसी पोल्स ने बिहार में एनडीए के खाते में 135 से 150 सीटें दिखाई हैं। वहीं अन्य के खाते में 3 से 6 सीटें जाने का अनुमान लगाया है। पोलस्ट्रैट एजेंसी ने अपने सर्वे में महागठबंधन के खाते में 88 से 103 सीटों की भविष्यवाणी की है। यानी इसे मिलाकर कुल पांच एजेंसियों ने ये अनुमान लगाया है कि महागठबंधन के खाते में 100 से ज्यादा सीटें जा सकती हैं। बता दें कि चुनावों के परिणाम 14 नवंबर को आएंगे।

सीटवार सर्वे भी सामने आए 
चुनाव परिणामों से पहले सीटवार सर्वे भी सामने आए हैं। इसमें सबसे ज्यादा चर्चित रही मोकाम सीट भी शामिल है। सर्वे के अनुसार यहां से अनंत सिंह को हार का सामना करना पड़ सकता है। इस सीट पर अन्य बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी की जीत की भविष्यवाणी की गई है। बता दें कि चुनाव के बीच दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी। इस मामले में अनंत सिंह जेल में हैं। कैंपेन के आखिरी चरण में उनकी पत्नी नीलम ने ही चुनाव प्रचार की कमान संभाली। ऐसे में यहां यह देखना लाचिमी होगा कि क्या एक्जिट पोल के अनुमान सही साबित होते हैं या अनंत सिंह जेल से चुनाव जीतने में कामयाब हो जाते हैं।
बिहार की मनेर सीट भी हॉट
मोकामा की तरह बिहार की मनेर सीट भी इस बार चर्चित रही। यहां से आरजेडी के दबंग छबि वाले भाई वीरेंदर चुनाव जीत सकते हैं। उनका मुकाबला लोचपा रामविलास पासवान की पार्टी के उम्मीदवार जितेंद्र यादव से है। भाई वीरेंदर यहां से कई बार विधायक रह चुके हैं। अभी हाल ही में भी पंचायत सविच के साथ उनकी बातचीत का आॅडियो काफी वायरल हुआ था। इस सर्वे में दरभंगा की अलीनगर सीट को लेकर भी अनुमान जाहिर किया गया है। यहां से भाजपा की उम्मीदवार मैथिली ठाकुर चुनाव जीत सकती हैं। यह बात अलग है कि असली तस्वीर 14 नवंबर को मतगणना के दिन ही साफ होगी, जब वोटों की गिनती के बाद नतीजे आधिकारिक रूप से सामने आएंगे। बता दें कि इस बार बिहार में मतदान दो चरणों में हुआ है।  पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा 11 नवंबर को था।