70 साल की उम्र में एक बुजुर्ग को शादी करना पड़ा महंगा  अमरोहा की दुल्हन सारी कमाई और गहने लेकर हुई फरार

संवाददाता, अमरोहा। यूपी के जनपद अमरोहा में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 70 साल की उम्र में एक बुजुर्ग को शादी करना महंगा पड़ गया। सुहागरात के बाद दुल्हन ने ऐसा कांड किया कि सभी के होश उड़ गए। दुल्हन घर में रखे सोने चांदी के आभूषण समेत सारी जमा-पूंजी लेकर फरार हो गई। अब बुजुर्ग पत्नी के लिए मारा-मारा फिर रहा है। उसने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। कहते हैं कि प्यार अंधा होता है, लेकिन कभी-कभी इतना अंधा हो जाता है कि उसको कुछ दिखाई नहीं देता। अगर यह बात अमरोहा के रहने वाले सुबाराती को लेकर कहीं जाए तो गलत नहीं होगा। बता दें कि सुबाराती की उम्र 70 साल है। 16 बच्चों का दादा को इस उम्र में शादी करने की चाहत जागी। सुबाराती की शादी तो धूमधाम और बैंड-बाजे के साथ हुई, लेकिन उसके बाद जो हुआ उसके बाद खुद की बैंड बज गई। अब पीड़ित इंसाफ की गुहार लगा रहा है।  यह पूरा मामला अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र का है। जहां पर गंगवार निवासी 70 साल के सुबाराती को शादी की इच्छा जागी। वैसे तो सुबाराती की शादी काफी समय पहले हो गई थी, उसके 16 नाती-पोते भी हैं, लेकिन काफी समय पहले उसकी पत्नी का इंतकाल हो गया। कुछ समय तक तो सब ठीक-ठाक चला रहा, लेकिन अचानक उसके अंदर प्यार की इच्छा जगने लगी। 70 साल की उम्र में उनका मन चंचल हो गया। सुबाराती सोचने लगा कि उसकी भी शादी होनी चाहिए। उसकी भी दुल्हन होनी चाहिए। इसको लेकर उसने अपने रिश्तेदारों से बातचीत की। इसी बीच नजदीकी गांव के रहने वाले एक युवक ने उन्हें सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव में 50 वर्षीय विधवा महिला के बारे में जानकारी दी। जिसके तीन बच्चे हैं। उसने बताया कि महिला शादी के लिए तैयार है। बिचौलिए ने बुजुर्ग से महिला की मुलाकात कराई। दोनों ने एक दूसरे को पंसद किया और 18 अक्टूबर 2023 को कोर्ट मैरिज कर ली। सुबराती का कहना है कि महिला ने ताउम्र साथ जीने-मरने की कसम देकर करीब पांच लाख रुपये ले लिए। इतना ही नहीं उन्होंने पहली पत्नी के जेवर भी उसके हवाले कर दिए। साथ ही पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि उसकी दुल्हन उसकी आज तक की सारी जमा पूंजी लेकर फरार है। अगर उसे उसकी दुल्हन नही मिली तो वह सड़क पर आ सकता है। अब उसके पास घर के सिवा कुछ नहीं है। उधर,पुलिस अब दुल्हन की तलाश में जुट गई है। पीड़ित ने हसनपुर पुलिस क्षेत्राधिकारी को एक प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी हसनपुर दीप कुमार पंत ने बताया कि इस संबंध में शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। जांच पड़ताल कराई जा रही है। जांच पड़ताल के बाद ही अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।