ट्रंप ने पाक पीएम को किया बेइज्जत

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को जिस तरह से बेइज्जत किया, उसकी चर्चा अंतरराष्ट्रीय मीडिया में काफी जोर-शोर से हो रही है। मौका था वाशिंगटन में आयोजित ‘बोर्ड आॅफ पीस’ के उद्घाटन सत्र का। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन के दौरान न केवल भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना बेहतरीन दोस्त बताया, बल्कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बीच भाषण में ही खड़ा कर दिया। इसके बाद जो हुआ वह काफी हैरान करने वाला था। दरअसल, ट्रंप भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने के अपने दावे का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने शहबाज शरीफ की ओर देखते हुए उन्हें खड़ा होने के लिए कहा। जैसे ही पाकिस्तानी प्रधानमंत्री खड़े हुए, ट्रंप ने अपनी शैली में प्रधानमंत्री मोदी और भारत का गुणगान शुरू कर दिया। यह देख वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए।ट्रंप ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान का बहुत बड़ा मामला था। मैंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की। वह बहुत उत्साहित हैं और वास्तव में वह अभी इस कार्यक्रम को देख रहे हैं।


ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों का धन्यवाद। मोदी एक महान व्यक्ति हैं और मेरे बहुत ही अच्छे मित्र हैं। जब ट्रंप भाषण दे रहे थे तब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री प्रोटोकॉल के तहत खड़े होकर यह सब सुन रहे थे जबकि भारत इस बैठक में केवल एक पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद थे और पीएम मोदी वहां उपस्थित नहीं थे।
ट्रंप ने इस दौरान फिर से दोहराया कि उन्होंने विगत वर्ष भारत पाक युद्ध को केवल एक फोन कॉल से रोक दिया था। उन्होंने कहा कि अगर युद्ध नहीं रुका तो मैं दोनों देशों पर 200 प्रतिशत का व्यापारिक टैरिफ लगा दूंगा। ट्रंप ने जिस तरह से सार्वजनिक मंच पर शहबाज शरीफ को खड़ा कर पीएम मोदी का जिक्र किया वह पाकिस्तान के लिए काफी असहज समझी जा सकती है।