जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कनाडा पर एक बार फिर से आक्रामक दिखाई दे रहे हैं। कनाडाई विमानों पर 50 फीसदी और क्यूबा को तेल देने वाले देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी दी। डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के खिलाफ अपने व्यापारिक रुख को और सख्त करने की चेतावनी दी है। उम्मीद है कि अमेरिका में बेचे जाने वाले कनाडाई विमानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने की उम्मीद है। यह कदम अमेरिका और कनाडा के बीच जारी व्यापार युद्ध में ताजा बढ़ोतरी माना जा रहा है। ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच बढ़ते टकराव के बीच ऐसा सामने आया है।

क्यूबा को तेल दिया तो फूटेगा टैरिफ बम
राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। जिसके अनुसार क्यूबा को जो भी देश तेल बेचेगा या उसको आपूर्ति करेगा उन पर आने वाले किसी भी सामान पर शुल्क लगाया जाएगा। ट्रंप के इस फैसले से मैक्सिको पर दबाव बढ़ने की आशंका प्रबल हो गई है।
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम के अनुसार उनकी सरकार ने अस्थायी रूप से क्यूबा को तेल की आपूर्ति रोक दी है। उन्होंने कहा कि यह एक संप्रभु फैसला था, जो अमेरिका के दबाव में नहीं लिया गया था। गौरतलब है कि ट्रंप क्यूबा सरकार से दूरी बनाने के लिए मैक्सिको पर दबाव डाल रहे हैं।

कनाडा के इस कदम से भड़के ट्रंप
कनाडा पर टैरिफ लगाने की धमकी देने के पीछे ट्रंप ने कारण भी स्पष्ट कर दिया है। ट्रंप का कहना है कि कनाडा की ओर से जॉर्जिया के सवाना स्थित गल्फस्ट्रीम एयरोस्पेस द्वारा बनाए गए विमानों के प्रमाणन से इनकार करने का यह परिणाम है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात में सुधार नहीं किया तो अमेरिका कनाडा से आयात होने वाले सभी विमानों पर 50 प्रतिशत शुल्क लगा देगा। साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि इसके जवाब में अमेरिका कनाडा के सभी विमानों का प्रमाणन भी रद्द कर सकता है।





