जन प्रवाद ब्यूरो।
लखनऊ।
भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने खुशी का इजहार करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि दोनों महान देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। मैं दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों के प्रति राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के साथ धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका व्यापार समझौते से हमारे किसान भाइयों, उद्यमियों, लघु एवं मझोले उद्यमों, स्टार्टअप और खासकर मछुआरों को न सिर्फ अवसर प्रदान होंगे बल्कि मेक इन इंडिया को बढ़ावा मिलेगा।

पीएम मोदी की खास बातें
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत जैसे-जैसे विकसित बनने की ओर अग्रसर हो रहा है हम ऐसी वैश्विक साझेदारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो भविष्य पर आधारित हों, हमारे लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि में योगदान दें। गौरतलब है कि हाल फिलहाल में ही अमेरिका ने भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ को समाप्त कर दिया है। अमेरिका ने यह टैरिफ रूस से अधिक मात्रा में तेल खरीद को लेकर लगाए थे। अमेरिका ने अब कुल टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। एयरक्राफ्ट और इससे संबंधित उपकरणों पर ड्यूटी खत्म कर दी गई है। यही नहीं भारत ने महत्वपूर्ण कृषि उत्पाद इस डील से सुरक्षित रखे हुए हैं।
ट्रंप ने इन बातों को किया साझा

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रेड डील फ्रेमवर्क को लेकर शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश जारी किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि मुझे वरिष्ठ अधिकायिों से कार्यकारी आदेश 14066 में वर्णित राष्ट्रीय आपातकाल से निपटने के लिए भारत के प्रयासों के संबंध में अतिरिक्त जानकारी और सिफारिशें प्राप्त हुर्इं। विशेष रूप से भारत ने रूसी संघ से तेल का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है। भारत ने यह स्पष्ट किया है कि वह अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदेगा और हाल में ही अगले 10 वर्षों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए अमेरिका के साथ एक रूपरेखा पर सहमति व्यक्ति की है।
इन सिफारिशों के बाद मानें ट्रंप
उन्होंने कहा कि उन्हें दी गईजानकारी और सिफारिशों पर विचार करते हुए वे इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि कार्यकारी आदेश 14066 में वर्णित राष्ट्रीय आपातकाल से निपटने और राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति एवं आर्थिक मामलों पर अमेरिका के साथ पर्याप्त रूप से तालमेल बिठाने के लिए भारत ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इसके बाद ही मैंने भारत से आयातित वस्तुओं पर लगाए गए अतिरिक्त मूल्य-आधारित शुल्क को समाप्त करने का निर्णय लिया है।





