नासा ने मंगल पर कैप्चर की हरी रोशनी, देखकर हर कोई हैरान

नई दिल्ली। मंगल ग्रह की आए दिन कोई ना कोई ऐसी खबर आती रहती है जो चर्चा का विषय बन जाती है। नासा के वैज्ञानिकों ने धरती के इस पड़ोसी ग्रह पर अचानक कुछ ऐसा रिकॉर्ड किया है जिससे दुनिया में हलचल मच गई है। वैज्ञानिकों ने आसमान में हरे रंग की रोशनी का पता लगाया है जिसे देखकर हर कोई हैरान है।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा अपनी खोज के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। ताजा मामले में नासा के पर्सिवियरेंस रोवर ने मंगल ग्रह पर एक अरोरा को कैप्चर किया है। वैज्ञानिकों का दावा है कि लाल ग्रह पर ऐसा अरोरा पहली बार देखा गया है। नासा के अनुसार, रोवर ने जो अरोरा रिकॉर्ड किया है उसका रंग हरा है। इससे पहले भी मंगल ग्रह पर अरोरा देखे जा चुके हैं लेकिन वे पराबैंगनी वेवलेंथ में थे।

बता दें कि नासा का पर्सिवियरेंस रोवर मंगल ग्रह पर जीवन के संकेतों की खोज कर रहा है। साथ ही पृथ्वी पर संभावित वापसी के लिए चट्टान और रेगोलिथ के नमूने इकट्ठा कर रहा है। इसी क्रम में नासा के वैज्ञानिकों ने रोवर पर लगे सुपर कैम स्पेक्ट्रोमीटर और मास्टरकैम-जेड कैमरे की मदद से ये अरोरा कैप्चर किया। जिसे बिना किसी उपकरण से आंखों से भी देखा जा सकता है। यह खोज मंगल ग्रह के चुंबकीय क्षेत्र और उसके असर को बेहतर समझने में मदद करेगी। 

वैज्ञानिकों के अनुसार, पृथ्वी पर अरोरा तब होता है जब सूर्य पृथ्वी की ओर प्लाज्मा और कोरोनल मास इजेक्शन फेंकता है। इस दौरान सौर कण चुंबकीय क्षेत्र और वायुमंडल के साथ परस्पर क्रिया करते हैं, जिससे अरोरा का एक सुंदर रूप दिखाई देता है। यह क्रिया ज्यादातर ध्रुवीय क्षेत्रों में होती है। पृथ्वी पर इसे उत्तर या दक्षिण ध्रुव के पास ‘नॉर्दर्न लाइट्स’ या ‘सदर्न लाइट्स’ कहा जाता है। बृहस्पति जैसे ग्रहों पर चुंबकीय क्षेत्र शक्तिशाली होने से ये अरोरा और चमकीले होते हैं। 

वैज्ञानिकों की टीम ने मार्च 2024 में मंगल की ओर बढ़ते एक कोरोनल मास इजेक्शन को देखा था। जिसके बाद उन्होंने यह जांचने का फैसला किया कि क्या यह कोरोनल मास इजेक्शन अरोरा की ओर जाएगा। इस घटना को कैद करने के लिए उन्होंने पर्सिवियरेंस रोवर को काम पर लगाया था। हालांकि, वैज्ञानिकों के हाथ तीन बार असफलता लगी। आखिरकार चौथे प्रयास में उन्हें कामयाबी मिली और उन्होंने अरोरा की हरी रोशनी को रिकॉर्ड किया। नासा के वैज्ञानिकों ने अपनी इस खोज से हर किसी को हैरान कर दिया है।