मिस्र के पुरातत्वविदों ने खोजी 5 हजार साल पुरानी शराब 

नई दिल्ली। खुदाई में कई बार ऐसी-ऐसी रहस्यमयी चीजों का सामना होता है जो पुरातत्वविदों को चौंका देती हैं। ये चीजें कभी किसी प्राचीन सभ्यता की जानकारी देती हैं, तो कभी इंसानी समझ से परे अनजाने तथ्यों को उजागर करती हैं। अब पुरातत्वविदों को मिस्र में भी कुछ ऐसी ही चीज मिली है जो रहस्य और रोमांच से भरी है।

रानी मेरिट नीथ की कब्र के पास खुदाई

 

मिस्र के पुरातत्वविदों को शोध के दौरान बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने वहां की रानी मेरिट नीथ के मकबरे के खंडहरों से 5 हजार साल पुरानी शराब खोजने का दावा किया है। वहां से उन्हें शराब के कई ऐसे जार मिले हैं जिसमें अभी भी शराब भरी हुई है। इतना ही नहीं, कई जार तो अभी भी सील पैक हैं। जिसमें शराब भरी होने का दावा किया जा रहा है। पुरातत्वविदों का मानना है कि यह शराब सीलबंद जार में रखकर शाही खानदान के व्यक्ति के साथ दफनाई गई थी।

अच्छी हालत में अभी भी सैकड़ों जार 

 

पुरातत्वविदों के अनुसार, मिस्र की प्रथम राजवंश की रानी मेरिट नीथ ने करीब 3000 ईसा पूर्व वहां शासन किया था। उनके मकबरे के पास मिले सैकड़ों जार तो अभी भी बहुत अच्छी हालत में हैं। इसके अलावा उन्हें वहां से बड़ी मात्रा में अंगूर के बीज भी मिले हैं। जार और अंगूर के बीज का अच्छी हालत में मिलना वैज्ञानिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। मकबरे में शिलालेख और दरबारियों की कई कब्रें भी मौजूद हैं। इससे पता चलता है कि शराब मिस्र के खास लोगों के लिए अंतिम संस्कार का अहम हिस्सा रही है।

प्राचीन मिस्र के पास आधुनिक तकनीक 


पुरातत्वविदों का मानना है कि यह खोज इतिहास में शराब बनाने, पीने और रखने के तरीकों के बारे में अहम जानकारी दे सकती है। इसमें सबसे पहले तो अंगूर की खेती के बारे में जानकारी मिलेगी। सीलबंद कंटेनरों का इस्तेमाल यह भी बताता है कि प्राचीन मिस्र के लोगों ने शराब को सुरक्षित रखने के तरीके खोज लिए थे। उन्होंने शोध के बाद दावा किया कि मिस्र में आधुनिक शराब बनाने की तकनीक हमारी सोच से भी कहीं ज्यादा आगे थी। उन्हें उन्नत किस्म की शराब बनाने की महारत हासिल थी।

मेरिट नीथ अपने समय की प्रभावशाली महिला 

 

बता दें कि रानी मेरिट नीथ का मकबरा अबिडोस में है। यह प्राचीन मिस्र के शाही कब्रिस्तान का एक शानदार मकबरा है। उनकी कब्र और उसके आस-पास मिली चीजों से पता चलता है कि रानी मेरिट नीथ अपने समय की बहुत ही प्रभावशाली महिला थी। उनके शासनकाल की सभ्यता के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए उनके मकबरे के आसपास खुदाई की गई। वियना विश्वविद्यालय की क्रिस्टियाना कोहलर के नेतृत्व में शोधकर्ताओं की टीम ने इस खुदाई को अंजाम दिया। जहां से अभी कई और चौंकाने वाली जानकारी सामने आने की उम्मीद है।