28-29 मई को तापमान में आएगी गिरावट, आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। उत्तर प्रदेश में इन दिन आसमान से आग बरस रही है। मंगलवार को सुबह से ही गर्मी ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया। आईएमडी लखनऊ के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर यूपी में करीब 28 मई से दिखाई देगा। अनुमान के मुताबिक तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में राजस्थान की ओर से गर्म और सूखी पछुआ हवाएं चल रही हैं।मौसम का यह मिजाज तापमान में बढ़ोत्तरी कर रहा है और गर्म हवाएं पहले से तप रहे यूपी की गर्माहट और बढ़ा दे रही हैं। बंगाल की खाड़ी से होकर आ रही पुरवा हवा का असर यूपी में न्यूनतम है। ऐसे में वायुमंडल में नमी कम हो गई जिससे दिन में तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी होगी। 


बता दें कि उत्तर पश्चिम भारत में 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में मोसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। इन राज्यों में 28 और 29 मई को आंधी चलने के साथ ही ओलावृष्टि होने की भी आशंका जताई गई है। बता दें कि यूपी का बुंदेलखंड इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। कुछ दिनों से यहां का पारा लगातार 46 डिग्री के पार बना हुआ है। तपती धूप में गर्म हवाएं आग में घी डालने का काम कर रही हैं। दिन में घरों से बाहर निकलने वाले लोगों की हालत इतनी खराब हो रही है कि रेड लाइन पर वे छाया ढूंढते नजर आते हैं। खासकर दुपहिया वाहन चालकों की तो हालत ही खराब हो गई है। नोएडा शहर में भी हालात बहुत ज्यादा खराब है। दिन में लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह आठ बजते ही दोपहर की गर्मी जैसा अनुभव हो रहा है। डॉक्टरों की मानें तो अगर बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहन न निकलें। अगर निकलना ही पड़ रहा है तो शरीर को पूरी तरह से ढककर निकलें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं।