टी 20 वर्ल्ड कप जीत भारत ने रचा इतिहास

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। भारत के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की और टी 20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। 
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ओपनिंग में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को उतारा। दो ओवर की समाप्ति के बाद अभिषेक शर्मा ने रनों की बौछार कर दी। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन के शानदार अर्धशतकों से भारत ने 256 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में कीवी की टीम 20 ओवर भी पूरे नहीं कर पाई। कीवी की टीम 159 रनों पर सिमट गई। इस तरह भारत ने पांच विकेट खोकर 96 रनों से मुकाबला जीतकर तीन बड़े इतिहास रच दिया। 


बता दें कि टीम इंडिया तीन टी 20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। सूर्य कुमार यादव की अगुवाई में भारत ने पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर आईसीसी ने बधाई देते हुए इसे क्रिकेट इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। यही नहीं आईसीसी ने भारत को अगले टी 20 वर्ल्ड कप का प्रबल दावेदार भी माना। 


गौतलब है कि आईसीसी ने टी 20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 120 करोड़ रुपए की प्राइज मनी तय कर रखी थी। टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारत को 3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 27.48 करोड़ की धनराशि पुरुस्कार स्वरूप मिली। वहीं रनरअप रही न्यूजीलैंड टीम को 1.6 मिलियन डॉलर यानी 14.65 करोड़ रुपए की धनराशि दी गई। साथ ही सेमीफाइनल, सुपर-8 और ग्रुप स्टेज तक पहुंचने वाली टीमों को भी पुरस्कार स्वरूप धनराशि देकर नवाजा गया। हारने वाली दोनों सेमीफाइनलिस्ट साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड को डॉलर 790,000 यानी करीब 7.24 करोड़ रुपए की धनराशि दी गई। सुपर-8 तक पहुंचकर सेमीफाइनल में जगह न बना पाने वाली टीमों, जैसे पाकिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज, को 380,000 डॉलर  करीब 3.48 करोड़ रुपए मिले। ग्रुप स्टेज में हिस्सा लेने वाली हर टीम को 250,000 डॉलर यानी करीब 2.29 करोड़ रुपए की गारंटीशुदा राशि देकर सम्मानित किया गया।
---------------------------------------------------


संजू सैमसन ने निभाई अहम भूमिका
टी 20 वर्ल्ड कप 2026 के फानइल में भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने जीत में अहम भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 89 रनों की धुआंधार पारी खेली। इससे पहले वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। सैमसन की लगातार ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत ही टीम इंडिया बैक-टू-बैक दूसरा टी 20 वर्ल्ड कप जीतने में कामयाब रही। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते ही उन्हें ‘प्लेयर आॅफ द टूर्नामेंट’ देकर नवाजा गया। संजू सैमसन ने टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 5 मैच खेले और 80.25 की शानदार औसत तथा 199.38 के हैरतअंगेज स्ट्राइक रेट के साथ 321 रन बनाए। वह इस टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं ईशान किशन ने 9 मैचों में 317 रन बनाकर चौथे स्थान पर रहे। सैमसन ने अपने इस ताबड़तोड़ प्रदर्शन से विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। कोहली ने 2014 टी20 वर्ल्ड कप में 319 रन बनाए थे, लेकिन सैमसन ने उनसे 2 रन ज्यादा बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान रहे। उन्होंने टूर्नामेंट में दो शतक भी लगाए, हालांकि उनकी टीम सुपर-8 से ही बाहर हो गई और सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई। 
--------------------------------------------------------


तिलक वर्मा के कैच लेते ही गूंज उठा स्टेडियम
टी 20 वर्ल्ड के फाइनल मैच के अंत में तिलक वर्मा ने जैसे ही लॉन्ग आॅन पर जैकब डफी का कैच लिया, तालियों की गड़गड़ाहट से स्टेडियम गूंज उठा। कप्तान सूर्यकुमार यादव के चेहरे पर मुस्कान दौड़ गई। सूर्यकुमार यादव ने टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी कप्तानी से यह साबित कर दिया कि जीत और हार दोनों ही परिस्थितियों में भावनाओं पर नियंत्रण कैसे रखा जाता है। पिछले दो वर्षों में उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। लेकिन, उनके धैर्य की वजह से उनकी कप्तानी की तुलना एमएस धोनी से की जा रही है। वहीं कपिल देव (1987) और रोहित शर्मा (2023) वर्ल्ड कप जीत नहीं पाए थे। हालांकि, रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2024 का टी 20 वर्ल्ड कप जरूर जीता था। सूर्यकुमार यादव की खासियत यह है कि वह दबाव महसूस नहीं करते और अपने तरीके से खेलते हैं।