सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को मिल सकती है टी20 टीम की कमान

मुंबई, ऐंसी। भारतीय चयन समिति शनिवार को यहां जब ब्रिटेन के दौरे और एशियाई खेलों के लिए टीम को अंतिम रूप देने के लिए बैठक करेगी तो श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 टीम की कप्तानी मिलना तय है। भारत के ब्रिटेन के दौरे में 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। इसके बाद भारत इंग्लैंड के खिलाफ एक जुलाई से शुरू होने वाले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच खेलेगा। एशियाई खेल सितंबर-अक्टूबर में आइची-नागोया में होंगे और निर्धारित समय सीमा को देखते हुए टीम की घोषणा समय से पहले की जा रही है। ऐसी संभावना है कि मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा नए उप-कप्तान होंगे, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया जाएगा।
टी20 विश्व कप में थे फ्लाप

सूर्यकुमार को न केवल इस साल की शुरूआत में टी20 विश्व कप जीतने के बावजूद कप्तान पद से हटाया जा रहा है, बल्कि पिछले 18 महीनों में उनके खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें टीम में जगह मिलने की उम्मीद नहीं है। 31 वर्षीय अय्यर टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं थे। उन्हें बल्लेबाजी क्रम में सूर्यकुमार की जगह चौथे नंबर पर उतारा जा सकता है। अय्यर को आईपीएल में एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप में शानदार प्रदर्शन करने का इनाम मिल रहा है। उनकी कप्तानी में तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी (दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स) आईपीएल फाइनल पहुंची और उन्होंने एक बार ट्रॉफी जीती है। इसके अलावा कप्तान रहते हुए उनकी बल्लेबाजी फॉर्म में कोई गिरावट नहीं आई है। उनकी एकमात्र कमी इस साल आईपीएल के दूसरे भाग में पंजाब किंग्स के खराब प्रदर्शन में देखने को मिली है, जबकि शुरूआत में उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। चयन समिति ब्रिटेन दौरे और सितंबर-अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए दो अलग-अलग टीमों की घोषणा करेगी। एशियाई खेलों के लिए तिलक वर्मा को कप्तान बनाया जा सकता है और सूर्यवंशी के भी उस टी20 टीम का हिस्सा होने की संभावना है।
प्रिंस यादव और हर्ष दुबे का नाम
कुछ नए नाम इस दौड़ में शामिल हो सकते हैं, जिनमें तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे भी शामिल हैं। चयनकर्ता मोहम्मद शमी को टीम से बाहर करने पर अडिग हैं, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि इंडियन प्रीमियर लीग में 28 विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार को 36 साल की उम्र में टीम में वापस बुलाया जाता है या नहीं। भुवनेश्वर ने सपाट पिचों पर शानदार प्रदर्शन किया है और इंग्लैंड की परिस्थितियों में सफल होने की उनकी अच्छी संभावना है। समिति इस बात पर विचार करेगी कि क्या भुवनेश्वर 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेलों और उसी वर्ष आॅस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप तक पूरी तरह फिट रह सकते हैं या नहीं।