दिल्ली में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, डेंगू व मलेरिया का भी प्रकोप बढ़ा

जन प्रवाद, ब्यूरो।
दिल्ली। गौतमबुद्धनगर के बाद अब दिल्ली में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के मामलों में इजाफा देखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट की मानें तो 30 अगस्त को 48 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही इस वर्ष अब तक कुल 3,629 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें दिल्ली के 3,054 और बाहर के 575 मामले शामिल हैं।


बता दें कि फ्लूएंजा ए और बी के कुल मामलों की संख्या भी 5,029 तक पहुंच गई है। हालांकि, डॉक्टरों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की सलाह दी है। सामान्य खांसी-जुकाम और हल्के बुखार में अनावश्यक अस्पताल जाने से बचें। तेज बुखार, अधिक ठंड लगना या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत अस्पताल जाएं। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में बारिश के साथ ही मच्छरों का आतंक भी बढ़ गया है। अगस्त माह में मच्छर जनित बीमारियों ने इस साल अब तक की सबसे तेज रफ्तार पकड़ी है। खास बात यह है कि डेंगू और मलेरिया में अगस्त का आंकड़ा इस साल किसी भी पिछले महीने से अधिक है। डेंगू के 311 मामलों में से 90 अगस्त में मिले हैं। वहीं, मलेरिया के 119 मामलों में 53 और चिकनगुनिया के 22 में आठ मामले इसी माह प्रकाश में आए हैं।


एमसीडी के आंकड़ों के अनुसार डेंगू के मामले जुलाई में 40 थे, जो अगस्त में बढ़कर 90 हो गए। यानी एक महीने में मामले डबल से भी ज्यादा हो गए। वहीं अप्रैल में 52 मामले सामने आए थे, लेकिन उसके बाद मई में 35, जून में 39 और जुलाई में 40 मामले दर्ज हुए। अगस्त में अचानक बढ़ोतरी ने एमसीडी की मच्छर नियंत्रण व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। 


मलेरिया के मामले भी अगस्त में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। जनवरी से जुलाई के बीच कुल 66 मामले सामने आए थे, जबकि अगस्त में 53 मामले दर्ज हो चुके हैं। इस साल अब तक के 119 मामलों में करीब आधे मामले अगस्त के हैं। पश्चिमी क्षेत्र में 22 मामले सबसे अधिक हैं। इसके बाद दक्षिणी क्षेत्र में 17 और मध्य क्षेत्र में 16 मामले मिले हैं। चिकनगुनिया के मामले संख्या में कम हैं, लेकिन अगस्त में इसकी संख्या में भी तेजी आई है।