पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी का ऐलान, बंगाल में न तो गिरोह चलेंगे, न ही रिश्वतखोरी 

सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल), एजेंसी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार राष्ट्रवादियों की होगी और वह भारतीय परंपरा और संस्कृति को कायम रखेगी। शुभेंदु ने कहा कि नवगठित भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले दौरे पर उत्तर बंगाल पहुंचने पर भाजपा कार्यालय में अपने संबोधन में अधिकारी ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र (चुनाव घोषणापत्र) में जो घोषणाएं की थी उनका लाभ लोगों को मिलना शुरू हो गया है। नयी सरकार ने अन्नपूर्णा योजना शुरू करने का फैसला किया है, जिसके तहत ममता बनर्जी सरकार की लक्ष्मीर भंडार योजना में महिलाओं को दी जाने वाली 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता को दोगुना करके 3,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। सरकार ने महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा नि:शुल्क कर दी है और राज्य में आयुष्मान भारत योजना शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा, हमारी सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, हम सिर्फ सत्ताधारी दल के झंडे का रंग या शीर्ष पर बैठे लोगों को बदलना नहीं चाहते बल्कि हम व्यवस्था में बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बदले हुए हालात में पश्चिम बंगाल में न तो गिरोह चलेंगे, न ही रिश्वतखोरी का चलन रहेगा, न माफिया राज रहेगा और न ही किसी तरह की राष्ट्रविरोधी गतिविधि होगी।