एनसीपी में विलय के सवाल पर बोलीं, सुनेत्रा पवार, समय आने पर सब साफ हो जाएगा

बारामती, एजेसी। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने पार्टी के दोनों धड़ों के संभावित विलय के सवाल पर सीधा जवाब देने से बचते हुए बुधवार को कहा कि इस बारे में सही समय आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा। पिछले सप्ताह प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार सहित सुनेत्रा पवार-नीत राकांपा के कई नेताओं ने राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी। इसके बाद दोनों धड़ों के विलय की अटकलों को बल मिला। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में शरद पवार और पटेल 10 नवंबर के बाद संभावित बैठक के बारे में चर्चा करते नजर आ रहे हैं। राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी पिछले सप्ताह दावा किया था कि यदि अजित पवार जीवित होते, तो दोनों धड़ों का विलय इसी साल फरवरी में हो गया होता। संभावित विलय के बारे में यहां पत्रकारों के सवालों पर सुनेत्रा पवार ने कहा, ‘‘मैं जानती हूं कि इस समय आप सभी की दिलचस्पी किसी दूसरे मुद्दे में अधिक है। हालांकि, आज का विषय बिल्कुल अलग है। (विलय के बारे में) उचित समय आने पर सब कुछ पता चल जाएगा।’’ वह 15 नवंबर को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की 191वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की घोषणा के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पूर्व राकांपा अध्यक्ष अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद सुनेत्रा पवार ने महायुति सरकार में राकांपा की कमान और उपमुख्यमंत्री का पद संभाला। महायुति सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना भी शामिल हैं। सुनेत्रा पवार ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महाराष्ट्र सरकार 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाएगी, जिसके तहत 11 से 18 नवंबर तक पूरे राज्य में सेवा सप्ताह आयोजित किया जाएगा।