नयी दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को एक्वा लाइन मेट्रो रेल गलियारा का विस्तार नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक करने को मंजूरी दे दी। इस परियोजना पर 2,390 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इसकी लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी और इसमें पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूर की गई यह परियोजना शहर के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, इस गलियारे के चालू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगी।





