केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘युगे युगीन भारत’ संग्रहालय को विकसित करने की मंजूरी दी

नयी दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में, दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर के पुन: उपयोग के माध्यम से ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय' के विकास को मंजूरी दी गई। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 3,230 करोड़ रुपये है। अधिकारियों के अनुसार, इसे एक ऐसे महत्वपूर्ण संग्रहालय के रूप में परिकल्पित किया गया है, जो भारत की, समृद्ध सभ्यतागत विरासत की निरंतरता, विविधता और संपन्नता को प्रदर्शित करेगा। इसमें देश की मूर्त और अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को एक एकीकृत कहानी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। सरकार ने कहा कि ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर का ‘अनुकूलित पुन:उपयोग’ करके संग्रहालय विकसित किया जाएगा, जिसमें ‘इनकी वास्तुशिल्प विशेषताओं और विरासत के महत्व को सुरक्षित रखते हुए इन्हें एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान में बदल दिया जाएगा।’ 

अधिकारियों ने बताया कि लगभग 1,78,509 वर्ग मीटर के प्रस्तावित निर्मित क्षेत्र में फैला यह संग्रहालय, समकालीन संग्रहालय पद्धतियों, ‘इमर्सिव’ तकनीकों और आगंतुकों पर केंद्रित व्याख्या को एक साथ लाएगा। उन्होंने बताया कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संग्रहालयों के मानकों पर खरा उतरने वाला ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ दुनिया का ऐसा संग्रहालय माना जा रहा है, जिसमें सबसे बड़ा ‘डिस्प्ले क्षेत्र’ है। सीसीईए ने बताया कि ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज हुई बैठक में, नयी दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक कॉम्प्लेक्स में ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ के विकास को मंजूरी दी गई है। सार्वजनिक निवेश बोर्ड (पीआईबी) के मूल्यांकन के अनुसार, इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 3,230 करोड़ रुपये है।’’ प्रधानमंत्री ने 18 मई, 2023 को इस महत्वाकांक्षी संग्रहालय परियोजना की घोषणा की थी।