जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। जेल से छूटने के बाद कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी शांति से अपना जीवन व्यतीत कर रहा है। इसी दौरान वह चर्चा में तब आ गया जब हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर आते हुए उसकी फोटो वायरल हो गई। बता दें कि इस समय सुंदर भाटी जमानत पर जेल से बाहर है। डाक कांवड़ में उनके साथ पूरी टीम मौजूद रही। इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इन वीडियो को पिछले दो दिन में खूब पोस्ट किया गया। पुलिस का कहना है कि सुंदर भाटी पर इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने पर किसी तरह की कोई रोक नहीं है।
बता दें कि इंस्टाग्राम व अन्य प्लेटफॉर्म पर नेताजी के नाम से कई अकाउंट हैं। जिस पर सुंदर भाटी से जुड़ी वीडियो व फोटो पोस्ट की जाती हैं। पिछले दो दिन से इंस्टाग्राम के इन अकाउंट से सुंदर भाटी की वीडियो पोस्ट की जा रही हैं। जिसमें सुंदर भाटी कांवड़ लाते हुए दिखाई दे रहा है। उनकी टीम में 30 से अधिक युवक शामिल दिखाई दे रहे हैं। सुंदर भाटी गंगाजल लेकर दौड़ भी लगाता दिख रहा है। गांव के लोगों ने बताया कि गांव के मंदिर पर सुंदर भाटी ने मंगलवार को जलाभिषेक किया है।






