गुरुग्राम हिट एंड रन केस में कामयाबी, पुलिस ने राजस्थान से किया गिरफ्तार

जन प्रवाद, ब्यूरो।
गुरुग्राम। गुरुग्राम हिट एंड रन केस में पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने उसे राजस्थान के दौसा से हिरासत में लिया है। क्राइम ब्रांच की तीन टीमें आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही थीं। वहीं केस में पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा को भी जोड़ दिया है। पुलिस ने वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर केस में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस भी जोड़ दी है। 


बता दें रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक राइडर सिया अन्य बाइकर्स के साथ अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही थी। आरोप है कि बाइक चलाते समय एक कार उनका पीछा करने लगी थी। बाद में इसी कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में स्पोर्ट्स बाइक कई मीटर दूर तक घिसटती चली गई। टक्कर मारने के बाद कार चालक फरार हो गया था। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की। अब पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से हिरासत में लिया है। सोमवार को आरोपी कल्याण बैंसला ने अपनी गलती स्वीकार कर ली थी। जारी वीडियो में उसने जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया था। बैंसला ने खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और जिम संचालक बताया था। उसने कहा था कि यू-टर्न के पास कार से उसका नियंत्रण खो गया था।

बैंसला ने यह भी दावा किया कि उसे डर था कि बाइक सवारों का समूह उसे और उसके परिवार को पीट सकता है। इसी डर के कारण वह घटनास्थल से चला गया था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया था। उसका यह बयान सिया के आरोपों से बिल्कुल अलग है।