नयी दिल्ली, एजेंसी। भारत में जर्मनी के राजदूत फिलिप एकरमैन ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और जर्मनी के बीच अगली पीढ़ी की पनडुब्बियों की खरीद से जुड़े समझौते पर ‘‘बहुत जल्द’’ हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। भारत और जर्मनी, भारतीय नौसेना के लिए भारत में निर्मित की जाने वाली अगली पीढ़ी की छह पारंपरिक पनडुब्बियों से जुड़े अनुमानित आठ अरब यूरो (90,000 करोड़ रुपये से अधिक) के ‘प्रोजेक्ट-75आई’ समझौते को अंतिम रूप दे रहे हैं। जर्मनी की थिसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स (टीकेएमएस) और भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के इस समझौते पर हस्ताक्षर करने की उम्मीद है। एकरमैन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ पनडुब्बी समझौते को लेकर मैं बेहद आशान्वित और आश्वस्त हूं कि इस पर बहुत जल्द, शायद अगले महीने हस्ताक्षर हो जाएंगे। भारत-जर्मनी वाणिज्य एवं उद्योग मंडल (आईजीसीसी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं के साथ बातचीत में एकरमैन ने यह बात कही।
भारत-जर्मनी पनडुब्बी समझौते पर बहुत जल्द होंगे हस्ताक्षर: भारत में जर्मनी के राजदूत
30-Jul-2026





