तेज आंधी और तूफान का अलर्ट, 11 से 13 तक भारी बारिश की संभावना

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। दिल्ली, यूपी, राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में आज मौसम अपना रौद्र रूप दिखा सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अपनी रफ्तार पकड़ चुका है और दक्षिणी ओर पूर्वी राज्यों को लगभग कवर कर चुका है। वहीं उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी है। उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए आगामी 48 घंटों में तेज आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 


उत्तर भारत के राज्यों को आज और कल यानी 12 जून को राहत मिलेगी। तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी यूपी में 16 जून तक बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा धूल भरी आंधी, तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर 80 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आ सकता है। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड और ओडिसा में 11 और 12 जून को 50 से 60 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की संभावना जताई है। वहीं बिहार में 11 से 13 और ओडिसा और झारखंड में 12-13 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। एमपी, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्रों में 11 से 16 जून के बीच हल्की बारिश का अनुमान है।